Bareilly News: 120 आवासों पर जल्द चलेगा रेल प्रशासन का बुलडोजर, चौपुला से रेलवे अस्पताल तक सड़क बनाने का है प्रस्ताव
बरेली, अमृत विचार। जंक्शन का इंजीनियरिंग विभाग एक बार फिर बड़ी संख्या में निष्प्रयोज्य और विकास कार्यों के आड़े आने वाले रेल आवासों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में जुटा है। ऐसे 120 आवासों को चिह्नित किया जा चुका है। टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन पर रेलवे का बुलडोजर चलेगा।
दरअसल, बीते साल लखनऊ में हुए हादसे के बाद रेल कालोनियों के जर्जर आवासों को चिह्नित करना शुरू किया गया था। इनमें अवैध रूप से रहने वाले लोगों को निकाला गया। अफसरों के अनुसार 70 ऐसे मकानों को चिह्नित किया गया है, जो पूरी तरह से निष्प्रयोज्य हैं। वहीं, एक सड़क सुभाषनगर छोर पर चौपुला से जंक्शन द्वितीय प्रवेश द्वार होते हुए रेलवे अस्पताल के सामने खोली जानी है। रेल लाइन के नीचे अंडरपास बनाकर इसे रेलवे अस्पताल के सामने खोला जाएगा। जिसके आड़े करीब 50 रेल आवास आ रहे हैं। इन मकानों को भी तोड़ा जाना प्रस्तावित है।
वहीं, इस संबंध में इंजीनियरिंग विभाग की ओर से सभी पूल होल्डरों को पत्र लिखा गया है। इसमें स्टेशन अधीक्षक, इंजीनियरिंग, लोको, ऑपरेटिंग, वाणिज्य आदि पूल के रेल आवास शामिल हैं। बीते साल इंजीनियरिंग विभाग ने ऐसे 60 रेल आवासों को तोड़ा था। सुभाषनगर में डबल स्टोरी बिल्डिंग में लंबे समय से अवैध रूप से लोगों ने कब्जा कर रखा था।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: खेत पर पानी लगाने के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
