Bareilly News: पीएम विश्वकर्मा योजना में 20 हजार आवेदन...13 सौ का हो सका सत्यापन
बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत जिले में पात्रों को लाभ देने के लिए सरकारी मशीनरी कोशिशों में लगी हुई है, लेकिन कई तरह की कमियों की वजह से प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। वेबसाइट सुस्त चलने से प्रधानों के भी रजिस्ट्रेशन होने में समस्या हो रही है। चार महीने में 20 हजार आवेदनों में से महज 13 सौ का सत्यापन हो सका है।
शुक्रवार को विकास भवन में सूक्ष्म लघु सहायक उद्यम आगरा दफ्तर के सहायक निदेशक नेपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में समस्याएं सामने आईं। दरअसल, सितंबर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की शुरुआत हुई थी। योजना के तहत 18 ट्रेडों में पारंपरिक ओर मौजूदा समय में शिल्पकारों और कारीगरों को लाभ देने का प्रावधान है। जिले को 1800 लोगों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य मिला है।
नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए हैं। उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव के अनुसार अब तक पूरे जिले से करीब 20 हजार आवेदन किए जा चुके हैं। इसमें नगर निगम, पालिका, पंचायतों से करीब छह हजार आवेदन हुए हैं। जिले के सभी 1188 प्रधानों के प्रधानमंत्री विश्वकर्मा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होंगे। डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोर्टल पर आठ सौ के करीब प्रधानों के रजिस्ट्रेशन हो गए हैं। कोशिश है कि सभी प्रधानों के रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द हो जाएं, जिससे वह योजना के लिए आने वाले आवेदनों का सत्यापन अपने स्तर पर कर सकें।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: इस महीने 10 दिन बंद रहेंगे बैंक, निपटा लें सारे जरूरी काम
