Rampur: 80 लाख की अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रामपुर, अमृत विचार। बरेली एसटीएफ और सिविल लाइन पुलिस संयुक्त सूचना के आधार पर बाईपास के निकट एक होटल के पास छापा मारकर दो युवकों को 80 लाख की अफीम के साथ गिरफ्तार कर थाने ले आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से दोनों का चालान कर दिया गया।
सीओ सिटी जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन के नेतृत्व तथा एसटीएफ बरेली की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस लोकेशन की मदद से दो आरोपियों को जमींदारान होटल बाइपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस उनको थाने ले आई और शनिवार दोपहर को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने सिविल लाइन थाने में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि दो युवक 80 लाख की अफीम के साथ पकड़े गए हैं। उसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों आरोपियों का चालान हो गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के गुड्डू साहनी पुत्र बूचा साहनी निवासी ग्राम रामवन मलाह टोली थाना पकड़ी दयाल जिला मोतिहरी चम्पारान बिहार है। जबकि दूसरे आरोपी का नाम साहब सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी ग्राम अहमद नगर तारन थाना भोट है। जिसके आधार पर थाना सिविल लाइन पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया। बरामद अफीम की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कीमत लगभग 80 लाख रुपये है।
15 दिन से पुलिस इस मामले में जुटा रही थी साक्ष्य
क्षेत्र में चरस और अफीम का धंधा तेजी के साथ हो रहा है। आए दिन किसी न किसी क्षेत्र में पुलिस आरोपी को चरस के साथ पकड़ने के बाद उन पर कार्रवाई कर रही है। अब पिछले 15 दिनों से पुलिस को इनपुट मिल रहा था कि एक युवक बिहार से अफीम लेकर रामपुर आ रहा है। उसके बाद से पुलिस उस पर लग गई थी। शनिवार को सर्विलांस के जरिए दोनों युवकों को पकड़ लिया।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर अजय शर्मा ने बताया कि बिहार का रहने वाला युवक गुड्डू अफीम लेकर आया था। जबकि भोट निवासी युवक को लेकर जाना था। बाकी इनके और साथियों को तलाश किया जा रहा है। साथ ही इनके अपराधिक इतिहास और बिहार के युवक के बारे भी और जानकारी ली जा रही है।
अफीम तस्करों को पकड़ने वाली टीम में दरोगा राशिद अली,एसटीएफ बरेली, दरोगा नीरज कुमार शर्मा, सिविल लाइन, दरोगा मनोज कुमार पाण्डेय,थाना गंज, एचसी गिरिजेश पोसवाल, एसटीएफ बरेली, एचसी नितिन कुमार, एसटीएफ बरेली, एचसी सुखवीर सिंह, सिविल लाइन, एचसी 733 अनिल कुमार, थाना सिविल लाइन, सिपाही संजय यादव-एसटीएफ बरेली और कमाण्डो रामकिशन एसटीएफ बरेली शामिल रहे।
