फिरोजाबाद: पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द होने से आहत छात्रा ने दी जान, कई साल से सरकारी नौकरी की लगाए बैठी थी आस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फिरोजाबाद, अमृत विचार। नई बस्ती निवासी 22 वर्षीय वर्षा पुत्री जगदीश ने शनिवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आनन फानन में परिजन जिला अस्पताल लेकर आये, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और शव पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। 

वहीं परिजनों की माने तो वर्षा सरकारी भर्ती की तैयारी कर रही थी। 22 वर्षीय वर्षा पिछले 4 साल से लगातार सरकारी नौकरी के लिए प्रयासरत थी , उसने दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षा, एआरओ परीक्षा समेत तमाम परीक्षाएं सरकारी नौकरी के लिए दी थी। कोई भी सरकारी भर्ती आई उसमें अपना प्रयास करती रहती थी  लेकिन दुर्भाग्यवश वह किसी ने किसी तरह से प्रत्येक परीक्षा में रह जाती। 

हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा में भी वर्षा ने पूरी मेहनत और लगन से तैयारी कर परीक्षा दी थी। रिश्तेदारों के मुताबिक इस परीक्षा से वर्षा को बहुत उम्मीदें थी लेकिन पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया और परीक्षा रद्द कर दी गई।

वर्षा परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद से ही परेशान हो गई और मानसिक तनाव का शिकार होगई। परीक्षा रद्द होने के बाद से वह डिप्रेशन में थी। शनिवार सुबह उसने अपने घर में फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक वर्षा ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने लिखा है पापा मैं आपके सपनों को पूरा नहीं कर सकी।

इस मामले में थाना दक्षिण पुलिस के इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडे से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि युवती द्वारा आत्महत्या की गई है। वह पिछले कई वर्षों से सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रही थी लेकिन लगातार असफल हो रही थी।

पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संजय कुमार पांडे बताते हैं कि युवती द्वारा एक सुसाइड नोट भी छोड़ गया है जो की साक्ष्य संकलन के तौर पर फील्ड यूनिट द्वारा रखा गया है। इस सुसाइड नोट में क्या लिखा है यह बताना अभी संभव नहीं है क्योंकि यह गोपनीय तथ्य होते हैं।

ये भी पढ़ें- आगरा: अधिवक्ता की मौत के बाद वकीलों में आक्रोश, पुलिस प्रशासन का फूंका पुतला

 

 

संबंधित समाचार