बहराइच: पत्नी को करवाया एएनएम का कोर्स, फिर संपत्ति बेचकर खुलवाया अस्पताल, अब घर से बेघर कर रही है पत्नी और साले
बहराइच, अमृत विचार। बौंडी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला का विवाह नेपाल के एक युवक के साथ हुआ। नेपाल में युवक ने पत्नी को एएनएम कोर्स करवाया। पत्नी के कहने पर पूरी संपत्ति बेचकर अस्पताल जिले में खुलवा दिया। अब पत्नी और साले युवक की पिटाई कर उसे बेघर कर रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बौंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सुलचंदा का विवाह नेपाल निवासी जुगराज पुत्र गुड़ाई के साथ वर्ष 2010 में हुआ था। पत्नी के शिक्षित होने पर पति ने नेपाल से ही उसे एएनएम का कोर्स करवाया। जुगराज का कहना है कि एएनएम का कोर्स पूरा होने के बाद पत्नी ने अस्पताल खुलवाने की बात कही।
काफी सोच समझकर उसने नेपाल में अपनी सारी जमीन 77 लाख रूपये में बेच दी। इसके बाद पति और पत्नी अपने घर आ गए। ग्रामीण का कहना है कि उसने पत्नी के कहने पर फखरपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में अस्पताल खुलवा दिया। जिसमें साला भी देखरेख कर रहा है। लेकिन अब पत्नी और साला दोनों उसे घर से भगा रहे हैं।
इतना ही नहीं पत्नी हाथ पकड़ती है तो साला पिटाई करता है। अब बेघर हुआ जुगराज न्याय के लिए थाने पहुंचा। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने बताया कि दो दिन पूर्व जानकारी होने पर केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहारइच:
— Amrit Vichar (@AmritVichar) March 3, 2024
पत्नी को एएनएम का कोर्स करवाया, फिर अस्पताल खुलवाया, नेपाल निवासी पति से जमीन बेचवाया, अब घर से भगा रही पत्नी और साले, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच pic.twitter.com/5xsYSLmuWp
अपने नाम खुलवाया अस्पताल
नेपाल निवासी पति जुगराज ने बताया कि वह अपनी पत्नी पर बहुत विश्वास करता था। जिसके चलते उसने अपनी सारी पैतृक संपत्ति बेचकर 77 लाख रूपये एकत्र किया। पत्नी के कहने पर उसके नाम से प्राइवेट अस्पताल खुलवाया, लेकिन अब उसके नाम से कुछ नहीं है। पत्नी और साला ही उसे मार पीटकर घर से भगा रहा है। अब वह बेघर हो गया है।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: सीएम योगी ने की 'प्रोजेक्ट अलंकार' की शुरुआत, छात्रों को बांटे स्मार्टफोन-टैबलेट
