Agra: अधिवक्ता की मौत के मामले में एसओ, चौकी इंचार्ज निलंबित, 12 पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
आगरा, अमृत विचार। थाना सिकंदरा इलाके के आधार मंगलम अपार्टमेंट में बीते शुक्रवार देर रात अधिवक्ता सुनील शर्मा की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत के मामले में अधिवक्ता सुनील शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा की तहरीर के आधार पर दबिश देने गई पुलिस टीम के मुखिया न्यू आगरा थाना अध्यक्ष राजीव सिंह और दयालबाग चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह समेत 10 पुलिस वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आगरा के पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ ने इस मामले में पुलिस की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए न्यू आगरा थाना अध्यक्ष राजीव सिंह दयालबाग चौकी इंचार्ज अनुराग सिंह को निलंबित किया है। इस मामले में मृतक अधिवक्ता सुनील शर्मा की पत्नी से मिली तहरीर के आधार पर थाना सिकंदरा में राजीव सिंह अनुराग सिंह को नामजद करते हुए 10 अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302,147, 201, 342, 427, 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।
पोस्टमार्टम के बाद आधार मंगलम अपार्टमेंट पहुंच अधिवक्ता सुनील शर्मा का शव
पोस्टमार्टम होने के बाद आज सुबह अधिवक्ता सुनील शर्मा का शव उनके आवास मंगलम आधार अपार्टमेंट पहुंचा। आधार मंगलम अपार्टमेंट में अंतिम दर्शनों के बाद पुलिस ने अधिवक्ता के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों और रिश्तेदारों से शव को गाड़ी में रखने के लिए कहा। लेकिन सुनील शर्मा की पत्नी ने शव लेकर गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया।
सुनील शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पुलिस आयुक्त से की। उन्होंने कहा कि वह अपने पति का अंतिम संस्कार तब तक नहीं होने देगी जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती। अधिवक्ता की मौत के बाद आगरा के वकीलों में भी रोष है। सुनील शर्मा के मंगलम आधार अपार्टमेंट स्थित आवास पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सुनील शर्मा की पत्नी की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की ।
आधार मंगलम अपार्टमेंट में रात भर डेरा जमाए रही पुलिस
अधिवक्ता सुनील शर्मा के आठवीं मंजिल से गिरकर मौत के मामले में थाना सिकंदरा पुलिस और आगरा पुलिस के आला अधिकारी रात भर तथ्यों की तलाश में जुटे रहे। पुलिस सुनील शर्मा की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद हुई मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए हर एक एंगल से मामले की जांच करती दिखाई दी। पुलिस का मानना है कि सुनील शर्मा 801 नंबर फ्लैट में रहते हैं। इसके सामने 802 नंबर फ्लैट खाली पड़ा है। लिहाजा पुलिस के डर से 802 नंबर फ्लैट में सुनील छिपे हैं और वह बालकनी के तरफ बढ़ गए हैं और उनका किसी तरह से पैर फिसलने से पहले उनकी चप्पल गिरी है और उसके बाद सुनील नीचे जा गिरे हैं ।
कल दोपहर बाद मिले एक सीसीटीवी फुटेज में सुनील शर्मा मुंह के बाल जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं लेकिन अभी इस सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आखिर वह गिरे कैसे हैं? हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर इस मामले में कोई भी बयान बाजी नहीं कर रही है ।
जमीनों के मामले में बदनाम हो रही आगरा पुलिस
बोदला में 10 हजार वर्ग गज जमीन को हड़पने के लिए बिल्डर कमल चौधरी के साथ तत्कालीन एसओ जितेंद्र कुमार ने षड्यंत्र रचा था। इस मामले में एसआईटी जांच कर रही है। एसओ सहित चार लोग जेल में हैं। पुलिस ने निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भेजा था। यह जांच अभी तक लंबित है। इसमें पुलिस व बिल्डर का गठजोड़ सामने आया था।
इसी तरह शाहगंज में व्यापारी को हवालात में बंद करके पांच करोड़ की दुकान का बैनामा कराया गया था। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक पर आरोप लगे थे। मामले में तत्कालीन पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई की थी। इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया था। इस मामले में जांच में इंस्पेक्टर को दोषी पाया गया था।
ये भी पढे़ं- आगरा: अधिवक्ता की मौत के बाद वकीलों में आक्रोश, पुलिस प्रशासन का फूंका पुतला
