फिरोजाबाद: जहरखुरानों ने ट्रक चालक सहित दो को बनाया शिकार, हजारों की नगदी लेकर हुए फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नशीली चाय पिला कर हजारों की नगदी लेकर हुए फरार

फिरोजाबाद, अमृत विचार। जनपद के दो अलग थाना क्षेत्र के अंतर्गत जहरखुरानों ने ट्रक चालक और एक युवक को जहरखुरानी का शिकार बना लिया। जहरखुरान दोनों को नशीली चाय पिला कर उनके पास रखी हजारों रुपए की नगदी लेकर रफू चक्कर हो गए। दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

राजस्थान राज्य के जिला धौलपुर क्षेत्र के अयोध्या कुंज कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय शिव शंकर शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा ट्रक चालक हैं। वह कहीं से सामान भरकर इंडस्ट्रियल स्टेट स्थित एक कारखाने के समीप गाड़ी खड़ी कर उसमें सो गया। तभी जहरखुरानों ने उससे मित्रता कर ली और उसे नशीली चाय पिला दी। जिससे वह बेहोश हो गया और ट्रक चालक के बेहोश होते ही जहरखुरान उसके पास रखी हजारों की नगदी लेकर रफू चक्कर हो गए। 

जब इसकी जानकारी मालवा ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक रिंकू को हुई तो वह चालक को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सक ने भरती कर उसका उपचार शुरू कर दिया है। रिंकू के अनुसार घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। वहीं थाना रसूलपुर क्षेत्र के गांव मोडा के समीप जहरखुरानी के शिकार हुए युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। 

जनपद मैनपुरी के गांव नगला आशा निवासी 20 वर्षीय सोनू पुत्र दिनेश को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। उसे थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोडा गांव के समीप छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही युवक के भाई अंशुल उसे उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आया। जहां उसका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें- फिरोजाबाद: बाइक सवार दरोगा को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

संबंधित समाचार