Auraiya: हिस्ट्रीशीटर ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए लाव-लश्कर के साथ निकाली वाहन रैली...LIU इंस्पेक्टर व कोतवाली प्रभारी नपे
औरैया में शक्ति प्रदर्शन करने के मामले में एसपी ने की बड़ी कार्रवाई
औरैया, अमृत विचार। शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा शक्ति प्रदर्शन करते हुए वाहन रैली निकाली गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने एलआईयू इंस्पेक्टर एवं कोतवाली प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लेते हुए बताया कि ओम प्रकाश ओझा जिला महासचिव सपा के द्वारा 2 मार्च 2024 को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक की कार्यकर्ता बैठक के संबंध में एक अनुमति प्राप्त की गई थी।जिसके संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से एक रील जो कि वायरल हुई, उसका संज्ञान लिया गया।
इसके संबंध में जानकारी हुई कि कुछ लोगों के द्वारा 15-20 गाड़ियों से हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस कार्यकर्ता बैठक से पूर्व एक रैलीनुमा निकाली गई। जिसमें उन लोगों के द्वारा अभद्रता करते हुए गाड़ियों से बाहर लटक के यातायात के नियमों के बीच उल्लंघन किए गये।
सड़क पर अन्य वाहनों को भी बाधा उत्पन्न की गई। बताया कि वर्तमान में धारा 144 भी लागू है और इनके द्वारा जो कार्य किया गया उसका स्पष्ट उल्लंघन है। इन सबके संबंध में समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया, क्योंकि यह प्रकरण कल का है और इसका संज्ञान कोतवाली थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा और इंस्पेक्टर एलआईयू निर्दोष दीक्षित को था।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की सूचना भी नहीं दी। इसी को दृष्टिगत रखते हुए एसपी ने कोतवाली प्रभारी व एलआईयू इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया। बताया कि इनके विरुद्ध प्रशासनिक रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। इस संबंध में अभी तक गठित टीमों के द्वारा 10 लोग और चार वाहनों को पकड़ लिया गया है। इसमें नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur IT Raid: तंबाकू कारोबारी ने काले धन से खड़ा किया साम्राज्य, आयकर विभाग की पांचवें दिन भी जांच जारी
