फिरोजाबाद: वार्ड में नहीं हो रहा विकास...अनदेखी से आहत भाजपा पार्षद ने दी आत्महत्या की धमकी
समस्याओं को लेकर कई पार्षदों ने विरोध दर्ज कराया
फिरोजाबाद, अमृत विचार। फिरोजाबाद नगर निगम जीवाराम हॉल सदन में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें सभी पार्षदों व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी पार्षदों ने अपनी समस्याओं को रखा। महापौर और नगर आयुक्त ने पार्षदों की समस्याओं को सुना और उनके निदान का आश्वासन दिया।
कार्यकारिणी की बैठक के दौरान बैठक में मौजूद पार्षदों ने वार्ड से संबंधित समस्याओं को बैठक ले रहे मेयर और नगर आयुक्त के सामने रखा। इस बैठक में शहर में 24 घंटे जल रहीं स्ट्रीट लाइटों को लेकर सवाल उठाये गये। वहीं प्रकाश विभाग द्वारा कोई संतुष्ट जवाब नहीं दिया गया।
वार्ड पार्षदों की समस्या के बीच फिरोजाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर 22 से भाजपा के पार्षद सुरेश दिवाकर ने अपने क्षेत्र में पिछले 10 महीने में कोई भी विकास कार्य न होने की समस्या सदन के सामने रखी। भाजपा पार्षद ने नगर आयुक्त घनश्याम मीणा पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह जब भी अपनी समस्या लेकर नगर आयुक्त के पास गए उन्होंने महापौर से बात करने की कहकर उनको टाल दिया। वह पिछले 10 महीने से लगातार अपने वार्ड में विकास कार्यों के कई प्रस्ताव महापौर और नगर आयुक्त के सामने रख चुके हैं लेकिन किसी भी प्रस्ताव पर अमल नहीं किया गया है।
भाजपा पार्षद ने अमृत विचार से बात करते हुए बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त और महापौर के समक्ष प्रभात नगर में वाल्मीकि बस्ती और मोती नगर की कच्ची गलियों को पक्का करने के लिए नगर निगम में भाजपा सरकार बनने के बाद कई बार प्रस्ताव दिए हैं लेकिन इन दो गलियों के प्रस्ताव पर भी विचार नहीं किया गया।
भाजपा पार्षद सुरेश दिवाकर ने सदन में खड़े होकर अपनी अनदेखी और अपेक्षा से आहत होकर कार्यकारिणी के सामने आत्महत्या की भी धमकी दे डाली। सुरेश दिवाकर बताते हैं कि अगर आने वाले समय में उनके वार्ड की अनदेखी की गई तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर होंगे। भाजपा पार्षद की धमकी के बाद मेयर कामिनी राठौर ने उनके वार्ड में विकास कराए जाने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढे़ं- फिरोजाबाद: जहरखुरानों ने ट्रक चालक सहित दो को बनाया शिकार, हजारों की नगदी लेकर हुए फरार
