गोंडा: परीक्षा देने गया हत्यारोपी किशोर पुलिस अभिरक्षा से फरार, मचा हड़कंप
नवाबगंज के गांधी विद्यालय इंटर कालेज में हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा था आरोपी
नवाबगंज, गोंडा, अमृत विचार। नवाबगंज के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में हाई स्कूल की परीक्षा देने गया एक हत्यारोपी किशोर बृहस्पतिवार को परीक्षा केंद्र से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी परीक्षार्थी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। उसकी तलाश में कई पुलिस टीमें लगाई गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के बीरापुर सुदामापुर टिकरी गांव में 3 महीना पहले प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला की हत्या हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग आरोपी भी था। आरोपी किशोर हाईस्कूल का छात्र था। आरोपी को परीक्षा दिलाने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
गुरुवार को वह पुलिस अभिरक्षा में नवाबगंज के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज परीक्षा देने गया था। परीक्षा के दौरान पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। परीक्षार्थी के फरार होने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। उसकी तलाश में नवाबगंज थाने के अलावा कई अन्य पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

यह भी पढ़ें: अयोध्या: मनरेगा समेत कई मुद्दों को लेकर प्रधान संघ ने सौंपा ज्ञापन, मिला आश्वासन
