शाहजहांपुर: पुलिस ने पकड़ी 50 लाख की ब्रांडेड शराब, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने पंजाब से ट्रक में भरकर बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी ब्रांडेड शराब बरामद की है। ट्रक के चालक और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार भोर चार बजे सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि हरदोई की …

शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने पंजाब से ट्रक में भरकर बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी ब्रांडेड शराब बरामद की है। ट्रक के चालक और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

बुधवार भोर चार बजे सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि हरदोई की तरफ से आ रहे पंजाब के नंबर वाले ट्रक में शराब तस्करी करके लाई ला रही हैं। थानाध्यक्ष नीरज सिंह यादव ने सर्विलांस टीम के साथ हरदोई स्टेट हाईवे पर घेराबंदी कर ली। चंदगोई मोड़ के पास ट्रक को रोक लिया। ट्रक के चालक और हेल्पर को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर केबिन बनाकर छुपा कर रखीं शराब की  410 पेटी बरामद हुई जिसमें महंगे ब्रांड शामिल हैं।

ट्रक चालक गुरप्रीत सिंह निवासी ग्राम सराली मांडप जिला तरनतारन व हेल्पर प्रताप सिंह निवासी ग्राम मुंडी जमाल थाना फतेहगढ़ पंजतूर जिला मोगा का रहने वाला हैं। ट्रक चालक ने बताया कि शराब पटियाला से बिहार लेकर जा रहा था। इसके एवज में उसे मोटी रकम मिलती। एसपी एस आनंद ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।

“पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से ट्रक में शराब बरामद की। शराब तस्करी करके पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। बरामद शराब की कीमत करीब 50लाख रुपये है।” -एस आनंद, एसपी

रास्ता बदलकर ले जा रहे थे शराब
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने का पूरा इंतजाम कर रखा था। पहले तो ट्रक में केबिन बनाकर शराब को छुपाया। ऊपर गत्ते रखकर ढक दिया। पंजाब से शराब पहले हरदोई लाई गई। यहां से शाहजहांपुर होते हुए बिहार ले जाने की योजना था। मगर पुलिस ने सटीक सूचना पर शराब पकड़ ली।

संबंधित समाचार