बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय...पीजी हॉस्टल में छात्रों के बीच चले डंडे, कई का सिर फूटा, तीन घायल
खाना खाते वक्त विवाद होने के बाद सीनियर छात्रों ने बाहरी युवकों को बुलाकर जूनियर्स पर किया हमला
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय का पीजी हॉस्टल बृहस्पतिवार को सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच जंग का मैदान बन गया। मेस में दोपहर के खाने के दौरान विवाद होने के बाद सीनियर छात्रों ने बाहर से कुछ युवकों को बुलाकर जूनियर्स को डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में कई छात्रों के सिर फूट गए। गंभीर घायल तीन छात्रों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच के बाद मारपीट करने वाले छात्र का कमरा सील कर दिया गया है। हॉस्टल के वार्डन की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई है।
बताया जा रहा है कि पीजी हॉस्टल में रह रहा एमटेक छात्र ऋषभ त्यागी बृहस्पतिवार को मेस में किसी बाहरी युवक के साथ पहुंचा था। इस दौरान उसकी वहां पहले से मौजूद जूनियर छात्रों से किसी बात पर कहासुनी हुई तो उसने उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। छात्रों के मुताबिक इस दौरान हॉस्टल में वार्डन प्रो. त्रिलोचन शर्मा भी मौजूद थे जिन्होंने छात्रों को समझाकर शांत करने के बाद ऋषभ और उसके साथी को बाहर भेज दिया। इसके बाद जूनियर छात्र निश्चिंत हो गए, लेकिन कुछ ही देर बाद कई बाहरी युवकों के साथ कुछ सीनियर छात्र भी डंडे लेकर ऋषभ के साथ पहुंचे और जूनियर छात्रों पर हमला कर दिया।
हमला करने वाले छात्र और युवक मारपीट करते हुए मेस के अंदर से भी कई छात्रों को खींचकर बाहर ले गए। मारपीट में कई छात्र घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बीएड द्वितीय वर्ष छात्र आकाश सिंह, एमए प्रथम वर्ष के मनोज और एमएड द्वितीय वर्ष के महेश को पास के एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हंगामे की सूचना पर सुरक्षा प्रभारी सुधांशु भी पहुंचे लेकिन तब तक मारपीट करने वाले छात्र भाग चुके थे। कुलपति प्रो. केपी सिंह के निर्देश पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल छात्रों का हाल लिया। वार्डन प्रो. त्रिलोचन शर्मा के निर्देश पर सुरक्षा प्रभारी ने एमटेक छात्र ऋषभ का कमरा सील कर दिया है। वार्डन ने पुलिस को भी तहरीर दे दी है।
हॉस्टल पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों से पूछताछ के साथ वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। घायल छात्रों के मुताबिक मारपीट करने वालों में ऋषभ त्यागी के अलावा लिटिल, सिद्धार्थ, अमन समेत कई लोग शामिल थे। इनमें एक छात्र बीटेक में फेल हो चुका है, फिर भी हॉस्टल में आता रहता है। वार्डन प्रो. त्रिलोचन शर्मा ने बताया कि मेस में खाना खाने के दौरान छात्रों में कहासुनी हो गई थी।
उन्होंने छात्रों को डांटकर बाहर कर दिया था लेकिन बाद में छात्रों ने फिर हमला कर दिया। मारपीट में तीन छात्र घायल हुए हैं। एक आरोपी छात्र का कमरा सील कर दिया गया है, घटना की रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान कर रही है।
हॉस्टल में मारपीट बर्दाश्त नहीं की जा सकती। रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वार्डन की रिपोर्ट के बाद दोषी छात्र को निष्कासित किया जाएगा- प्रो. केपी सिंह, कुलपति रुहेलखंड विश्वविद्यालय।
ये भी पढ़ें- बरेली: बेटे का मां कर सकेगी अंतिम दीदार, एक दिन में बनाया पासपोर्ट...जानें मामला
