Kanpur: सेंट्रल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्टाफ सम्मानित; नित्या ने हरी झंडी दिखाकर पहली बार निभाई जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को पहली बार गार्ड नित्या गुप्ता झंडी दिखाकर सेंट्रल से प्रयागराज रवाना हुईं। नित्या सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म छह से निकली तो साथी कर्मचारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं उत्तर मध्य रेलवे का एकमात्र पिंक स्टेशन गोविंदपुरी और सेंट्रल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्टाफ को सम्मानित किया गया।  

सेंट्रल स्टेशन पर नित्या गार्ड के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह की मौजूदगी में नित्या प्लेटफार्म छह से दोपहर 1:30 बजे ट्रेन नंबर 12308 लेकर सेंट्रल से प्रयागराज के लिए निकलीं। नित्या ने ट्रेन के आखिरी कोच से झंडी दिखाई तो प्लेटफार्म पर मौजूद साथी कर्मचारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। 

इधर, पिंक स्टेशन गोविंदपुरी पर महिला शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। डिप्टी सीटीएम ने पिंक स्टेशन के स्टाफ के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का केक काटा और फूल देकर सम्मानित किया। डिप्टी सीटीएम, वाणिज्य निरीक्षक विजय शर्मा ने कहा इस बार महिला दिवस का ध्येय वाक्य इंस्पायर इंक्लूजन है, मतलब सभी को बराबरी का दर्जा मिलना। इसी के साथ नारी शक्ति अवश्य समग्र विकास में उत्कृष्ट योगदान प्रदान करेंगी।

आखिर में कपिल देव मीना ने मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वागत किया। इस मौके पर एसके मीना, किरण शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक गोविंदपुरी मीना खरे, सीएमआई शादाब जहां अंसारी, सीआरएस किरण शुक्ला, आरपीएफ प्रभारी सुरभि शर्मा, एएसआई अनुपमा, सीएमआई विजय शर्मा रहीं। 

वहीं सेंट्रल पर भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम हुआ। शहर की श्री श्याम पैकेजिंग की ओर से प्लास्टिक अवशिष्ट को रीसाइकिल करके बनाई गईं चार कुर्सियों को सेंट्रल पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप भेंट की गईं। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक सेंट्रल अनिल तिवारी, ट्रैफिक निरीक्षक अवधेश द्विवेदी व मुख्य टिकट निरीक्षक वीके तिवारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Chitrakoot News: गुप्त गोदावरी में मिली तीसरी गुफा; बनी जिज्ञासा का केंद्र, भू-वैज्ञानिकों ने किया सर्वेक्षण

संबंधित समाचार