प्रयागराज: रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला युवती का शव, गैंगरेप की आशंका, परिजनों ने दी तहरीर
थरवई/प्रयागराज, अमृत विचार। घर से बाजार साइकिल से निकली 22 वर्षीय युवती देर रात तक होने घर नहीं पहुंची। युवती का शव शनिवार को थरवई रेलवे क्रासिंग के पास मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में परिजनों ने अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने की आशंका जाहिर करते हुए हुए लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक थरवई थाना क्षेत्र के कनेहठी रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार को एक युवती का शव मिला। उसके दोनों पैर कट गए थे। ग्रामीणों ने शव को देखा तो सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त रीतू सिंह निवासी सिंधोंरा सोरो सरायममरेज थाना क्षेत्र के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को खबर कर दी।
युवती के दोनों पैर कटे हुए थे और सिर में गहरी चोट के निशान मिले है। सूचना परिजनों को मिली तो मौके पर रोते बिलखते पहुंच गये। परिजनों ने बताया कि विश्वकर्मा योजना का ऑनलाइन फार्म भरने के लिए शुक्रवार को दोपहर 12 बजे घर से निकली थी।
परिजनों ने अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। डीसीपी गंगानगर अभिषेक भारती ने बताया कि शव के पास ही मृतका की साइकिल पड़ी मिली है। मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम में ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:-महिलाओं के लिए योगी सरकार का होली गिफ्ट, निशुल्क मिलेगा गैस सिलेंडर
