लखीमपुर खीरी: खुलासा...सीतापुर का गैंग शहर में करता था ई-रिक्शा चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चार ई-रिक्शा बरामद
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सीतापुर का गैंग पिछले दो महीने से शहर में ई-रिक्शा चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इस बात का खुलासा दो दिन पूर्व ई-रिक्शा चोरी कर ले जाते समय पकड़े गए एक युवक से पूछताछ के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने किया है। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर उनकी की निशानदेही पर तीन अन्य ई-रिक्शे बरामद किए हैं।
शहर में ई-रिक्शा चोर गैंग पिछले करीब दो महीने से शहर में सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों को तलाश करना भी जरूरी नहीं समझा। इतना ही नहीं घटना को छुपाने के लिए रिपोर्ट दर्ज करने में हीला हवाली करती रही। इससे अपराधी बेखौफ होकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस जांच की बात कहकर पीड़ितों को टरकाती रही। छह मार्च की शाम वी मार्ट के पास चोर ई-रिक्शा लेकर भागने भागने लगे। शहर से सटे गांव सलेमपुर निवासी चालक मानू ने हिम्मत जुटाई और चोरों का पीछा किया। उसने रिक्शा समेत सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के मोहल्ला शेख टोला निवासी सादाब पुत्र जमील अहमद को आसपास के लोगों की मदद से पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी की पिटाई की थी और पुलिस को सौंप दिया था।
पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने कई चौकाने वाले खुलासे किए। उसने अपने साथियों के नाम मोहम्मद साबान पुत्र अजीज निवासी शेख टोला और मोहम्मद अशफाक पुत्र सिराज निवासी मोहल्ला कटरा थाना लहरपुर जिला सीतापुर बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह लोग नशीला पदार्थ खिलाकर भी ई-रिक्शा लूट ले जाते थे, जिन्हें काटकर उनके पार्ट्स बिक्री करते देते थे। पुलिस ने गैंग के भागे मोहम्मद साबान और मोहम्मद अशफाक को भी गिरफ्तार कर लिया और तीनों की निशानदेही पर चोरी किए गए चार ई-रिक्शा सीतापुर से बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार ई रिक्शा बरामद हुए हैं। इनमें एक ई-रिक्शा छह मार्च को डॉन बॉस्को स्कूल के पास से चोरी किया गया था। दूसरा ई-रिक्शा राजापुर पुलिस चौकी के पास से चोर 25 फरवरी को चोरी कर ले गए थे। दो अन्य ई-रिक्शा कहां के हैं और उनके वाहन स्वामी कौन हैं। इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
आरोपियों के पकड़े जाने पर पुलिस ने लिखी रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव सलेमपुर निवासी अभिषेक कुमार का ई-रिक्शा 25 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे राजापुर चौराहा स्थित पुलिस चौकी के पास से चोरी हो गया था। ई-रिक्शा मालिक न घटना की तहरीर अज्ञात के खिलाफ दी थी। पुलिस ने तहरीर तो ले ली थी, लेकिन पुलिस ने जांच की बाद कहकर रिपोर्ट दर्ज करने से टाल दिया था। ई-रिक्शा बरामदगी होने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गिरफ्तार आरोपियों पर होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
लखीमपुर खीरी। शहर में पुलिस को नाकों चने चबाने वाले ई-रिक्शा चोर गैंग पंजीकृत कर गिरफ्तार गैंग के तीन सदस्यों पर पुलिस गैंगस्टर की कार्रवाई करेगी। इसको लेकर कागजी तैयारी भी शुरू हो गई है। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि आरोपी शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।
सीतापुर का गैंग शहर में वारदात कर रहा था। गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। इनके कब्जे से चार ई-रिक्शा भी बरामद हुए हैं। आरोपियों का चालान कर दिया गया है-अंबर सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: आग की चपेट में आए 12 घर, सामान भी जलकर हुआ राख...गांव में मची चीख पुकार
