Kanpur: बच्चों की एंट्री से पहले चिल्ड्रेन पार्क की पिटी भद; पेयजल लाइन फटने से उखड़ा ट्रैक, बंद करना पड़ा ताला
फूलबाग में स्मार्ट सिटी ने 2.65 करोड़ रुपये से पार्क का किया है निर्माण
कानपुर, अमृत विचार। फूलबाग में कानपुर स्मार्ट सिटी की ओर से बनाया गया आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क बच्चों के खेलने से पहले ही उजड़ने की कगार पर है। यहां भूमिगत पेयजल लाइन फटने से पार्क के अंदर बनाया गया फुट ट्रैक कई जगह धंस गया है। ऐसे में दौड़ लगाना तो दूर, पैर रखने पर ही मोच आने का खतरा है। बच्चों के झूलों के पास भी पानी का जमाव हो गया है। इस बदहाली के कारण पार्क को ताला लगाकर बंद कर दिया गया है। लोगों को मुख्य गेट से ही लौटाया जा रहा है। करोड़ों रुपये चंद महीनों में ही पानी में बहते हुए नजर आ रहे हैं।
कानपुर स्मार्ट सिटी ने बाल उद्यान (आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क) का सुंदरीकरण व उच्चीकरण किया है। इस काम पर लगभग 2.65 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पार्क में मौजूदा समय में टिकट नहीं लग रही है। अधिकारियों ने लोकार्पण तक पार्क लोगों के लिए नि:शुल्क खोला था। लेकिन, फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग से होकर बाल उद्यान की ओर जाने वाली पेयजल लाइन भूमिगत रिसाव होने से कई जगह फट गई है।
लाइन से पानी तेजी से निकल रहा है। इसके चलते चिल्ड्रेन पार्क में रंग बिरंगा फुट ट्रैक धंस रहा है। पैर रखने से ही जमीन धंस रही है, और पानी ऊपर की ओर आ रहा है। यहां लगाए गए नए झूलों के पास भी पानी का रिसाव और जमाव हो रहा है। इसे देखते हुए पार्क में अंदर जाने पर रोक लगा दी गई है।
कानपुर नगर निगम व स्मार्ट सिटी ने फूलबाग स्थित गणेश उद्यान में आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क बनाया है। यहां पर वाटर हार्वेस्टिंग, श्याम लाल गुप्ता पार्षद प्रतिमा का सुन्दरीकरण, इलेक्ट्रिकल्स सुन्दरीकरण, बागवानी, आधुनिक फाउंटेन, पथरीला रास्ता बनाने के साथ ही बच्चों के झूले लगाये गए हैं। पार्क को अभी विधिवत खोला नहीं गया है। लेकिन पेयजल लाइन फटने की वजह से पार्क में किए गए कार्यों पर पानी फिर रहा है।
फुट ओवरब्रिज भी बनाया गया
पार्क में चिल्ड्रेन प्ले एरिया, ओपन जिम, दो फाउंटेन और केबल पॉथ-वे के साथ घास लग चुकी है। कैन्टीन एवं टिकट काउंटर, लाइटिंग एवं साउंड सिस्टम का कार्य भी पूरा है। नानाराव पार्क से गणेश उद्यान जाने के लिए फुट ओवरब्रिज भी बनाया गया है।
अधिकारियों ने फोन किए बंद
स्मार्ट सिटी के प्रभारी व अधिशाषी अभियंता आरके सिंह से जब पार्क की दुर्दशा के बारे में जानकारी चाही गई तो उनका सरकारी फोन नंबर कई बार मिलाने पर भी बंद मिला।
स्मार्ट सिटी मिशन पूरे शहर में अनियमितता कर रहा है। गणेश उद्यान का गेट मेरे द्वारा बनवाया गया, लेकिन पार्क के निर्माण के समय गेट को ठीक करके स्मार्ट सिटी ने मेरा नाम ही हटवा दिया और कानपुर स्मार्ट सिटी लिख लिया। जब मैंने विरोध किया तब जाकर मेरा नाम लिखा गया।- सलिल विश्नोई, एमएलसी।
