लखनऊ: कांग्रेस नेता और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने स्वामी प्रसाद मौर्य से की मुलाकात, जानिए क्या हुई बात?
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाक़ात की। पूर्व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य से लखनऊ स्थित उनके निजी आवास पर ये मुलाकात हुई है। इस मौके पर कांग्रेस नेता ने इंडिया गठबंधन के विस्तार पर सकारात्मक चर्चा की है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी है।
आपको बता दें कि आज रविवार को राजधानी में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई है। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों में प्रत्याशियों और सीट को लेकर मंथन किया जायेगा। ये बैठक यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय की अध्यक्षता में हुई है।
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि मायावती अगर इंडिया गठबंधन में शामिल होना चाहती हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि मायावती के लिए गठबंधन के रास्ते हमेशा खुले हैं।
राजधानी में हो रही कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पीएल पुनिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद जफ़र अली नकवी समेत कई कांग्रेस समिति सदस्य शामिल हैं। अविनाश पांडेय ने कहा कि हम सब चाहते हैं कि राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी वाड्रा उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ें।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री अविनाश पाण्डेय जी मेंरे निज आवास लखनऊ आकर औपचारिक भेंटवार्ता में इंडिया गठबंधन के विस्तार पर सकारात्मक चर्चा हुई। pic.twitter.com/41LQZkYNdu
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) March 10, 2024
