रमजान की आमद: इबादत में गुजरेगा दिन, रातों को होगी तरावीह
रहमत व बरकतों के महीने की आमद पर तैयारियां शुरू, हर नेकी के बदले मिलेंगे 70 गुना सवाब
अयोध्या, अमृत विचार। पवित्र माह इस्लामिक कैलेंडर के नवे महीनें की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में तैयारियों को लेकर हर एक मुसलमान जुटा हुआ है। रहमत व बरकतों के इस महीने में अल्लाह की रहमत पूरे महीने बरसने वाली है। हर नेकी के बदले 70 गुना सवाब के साथ हर एक मुसलमान का दिन जहां रोज़े व इबादत में गुजरेगा तो वहीं रातें तरावीह की नमाजों में बीतेगी।
इस्लाम धर्म के पांच अरकानों में से एक रमज़ान-उल-मुबारक महीने में अल्लाह शैतान को कैद कर देता है। जिससे की वह लोगों की इबादत में खलल पैदा न कर सकें। रमज़ान-उल-मुबारक के महीने को बस एक रोज बचे है। सोमवार को चांद की तस्दीक होते ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ व रोज़े रखने का दौर शुरू हो जाएगा। ऐसे में सभी तैयारियों में जुटे हैं। उलेमाओं के अनुसार बताया जाता है कि यदि 10 मार्च को चांद की तस्दीक होती है तो 11 मार्च से रोज़ा शुरू हो जाएगा। नहीं तो 12 मार्च से रोज़ा शुरू होना तय है। जिसको लेकर शहर से लेकर गांव कस्बों में तैयारियां जोरों से शुरू हो गई है। हर कोई रमजान से जुड़ी चीजों की खरीद फरोख्त में लगा हुआ है। वहीं घरों व मस्जिदों में साफ सफाई का दौर चल रहा है।
बड़ी फजीलत है माह-ए-रमज़ान की
मौलाना शमशुद्दीन कादरी के अनुसार रमज़ान के रोज़े में सहरी से इफ्तार होने के बीच में खाने पीने व जिस्मानी व अंदुरुनी ख्वाहिशातों को दूर रखना होता है। इस्लामिक कैलेंडर के इस नवें महीने की बड़ी फजीलत बताई गई है। इसी महीने में अल्लाह ने अपने प्यारे नबी हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.) पर कुरआन नाजिल फरमाया। रमजान के इसी महीने में एक ऐसी रात का जिक्र किया गया है। जिसमें अल्लाह का बंदा पूरी रात जाग इबादत में गुजारते हुए अपने गुनाहों की तौबा करता है। जो कि अल्लाह उसकी दुआओं को कुबूल कर उसके सारे गुनाहों को मांफ कर देता है।
तीन अशरों में बांटा गया है रमजान
रमजान-उल-मुबारक के इस महीने में तीन अशरे होते है। जिसमें हर एक असरा दस दिनों का है। रमजान का पहला अशरा रहमत व बरकतों का है। दूसरा गुनाहों से मगफिरत व तीसरा जहन्नुम से खलासी का बताया है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: मंडी का निरीक्षण कर खामियां दूर करने का दिया निर्देश, विधायक ने कहा- ठीक कराई जाएं सड़कें व लाइट
