मोदी, कोविंद और नायडू समेत इन्होंने वायुसेना दिवस पर दी बधाई
नई दिल्ली। वायुसेना के 88वें दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भारतीय वायुसेना को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा,” एयर फोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बहुत-बहुत बधाई। आप न सिर्फ देश के आसमान को …
नई दिल्ली। वायुसेना के 88वें दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भारतीय वायुसेना को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा,” एयर फोर्स डे पर भारतीय वायुसेना के सभी वीर योद्धाओं को बहुत-बहुत बधाई। आप न सिर्फ देश के आसमान को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि आपदा के समय मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। मां भारती की रक्षा के लिए आपका साहस, शौर्य और समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।”
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, “वायु सेना दिवस पर हम गर्व से अपने वायु योद्धाओं, सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके परिजनों को नमन करते हैं। राष्ट्र आसमान को सुरक्षित बनाने, मानवीय सहायता और आपदा राहत में नागरिक प्रशासन की मदद करने में भारतीय वायुसेना के योगदान के लिए ऋणी रहेगा।” उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “राफेल, अपाचे और चिनूक भारतीय वायुसेना को और भी अधिक शक्तिशाली सामरिक बल में परिवर्तित करेंगे। उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भारतीय वायु सेना प्रतिबद्धता और क्षमता के अपने उच्च मानकों को बनाए रखेगी। ”
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने गुरुवार को वायुसेना दिवस पर जारी एक संदेश में कहा कि वायुसेना के अधिकारियों और जवानों के साहस और समर्पण ने देश को गौरव दिलाया है। वे दुनियाभर में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा, ” नभ:स्पर्शं दीप्तं- आपकी कीर्ति से आकाश दीप्तिमान हो। वायुसेना दिवस पर भारतीय वायुसेना के वायु योद्धाओं, अधिकारियों, सैनिकों, उनके परिजनों तथा भूतपूर्व वायुसैनिकों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आपका यश आसमानों को छुए।”
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वायुसेना दिवस पर ट्वीट कर अपने बधाई संदेश में कहा,” वायुसेना दिवस की शुभकामनाएं। हमारे आसमान की सुरक्षा करने से लेकर विषम परिस्थितियों में सहायता करने वाले वायुसेना के बहादुर जांबाजों ने साहस और दृढ़ता के साथ देश की सेवा की है।”
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वायुसेना दिवस के मौके पर ट्वीट करके कहा “हमारे आकाश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध बहादुर जवानों और उनके परिवारों के प्रति मैं हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। वायुसेना के जवानों का पराक्रम , साहस और बलिदान हमारे लिए सम्मान और गौरव की बात है।”
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने एयर चीफ मार्शल को भारतीय वायु सेना के 88 वें स्थापना दिवस पर भेजे संदेश में कहा है कि भारत की वायु सेना की क्षमताएं बेहतर हैं। हमें नई और आधुनिकतम तकनीक के साथ नवीन संभावनाएं तलाशनी होगीं। उन्होंने कहा है कि भारतीय वायु सेना निरन्तर प्रगति करे। प्रत्येक सैनिक का मनोबल बना रहे और हर लक्ष्य पर विजय हासिल हो।
