Bareilly News: तौकीर रजा की पेशी आज, समन ही नहीं दे पाई पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को अदालत ने शहर में हुए 2010 के दंगे का मुख्य अभियुक्त करार देने के बाद 11 मार्च को तलब किया था लेकिन पुलिस तौकीर को अदालत का समन ही नहीं दे पाई। पुलिस ने तौकीर के घर पर समन चस्पा करने का दावा किया था लेकिन रविवार देर शाम तक उनके घर समन चस्पा करने नहीं पहुंची।

अदालत ने पांच मार्च को दंगे के केस की सुनवाई के दौरान विवेचक इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र यादव की गवाही के बाद तौकीर रजा खां को मुख्य अभियुक्त करार दिया था और 11 मार्च को अगली सुनवाई पर अदालत में पेश होने का आदेश सुनाया था। इससे पहले पुलिस मौलाना तौकीर का नाम अपनी चार्जशीट से निकाल चुकी थी। अदालत के आदेश के बाद पुलिस पहले छह मार्च और फिर सात मार्च को समन देने तौकीर रजा के घर पहुंची लेकिन घरवालों ने उनके दिल्ली में होने की बात कहकर समन लेने से इन्कार कर दिया।

सात मार्च को भी समन लेने के लिए तौकीर के अपने घर पर न मिलने पर पुलिस ने दावा किया था कि आठ मार्च को समन उनके घर पर चस्पा कर दिया जाएगा लेकिन दो दिन गुजरने के बाद भी पुलिस ने समन चस्पा नहीं किया। बताया जा रहा है कि तौकीर रजा अब तक दिल्ली से नहीं लौटे हैं।

...तो क्या लोकसभा चुनाव में बरेली से दूर रहेंगे तौकीर
शहर में हुए 2010 के दंगे के केस की सुनवाई में कुछ समय से तेजी आई है। पिछले कुछ समय से तौकीर रजा लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन अब पिछले छह दिनों से उन्हें लगातार दिल्ली में बताया जा रहा है। 

आमतौर पर काफी मुखर रहने और तीखे बयानों के साथ शासन-प्रशासन को सीधी चुनौती देने की पहचान होने के बावजूद दंगे के केस में उन्हें मुख्य अभियुक्त करार दिए जाने के बाद उनकी ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया तक नहीं आई है। कहा जा रहा है कि दिल्ली से लौटते ही पुलिस उन्हें समन देने पहुंचेगी। घरवालों के साथ पार्टी पदाधिकारियों ने भी साफ नहीं किया है कि वह दिल्ली से कब लौटेंगे। इस बीच उनके कानूनी रक्षाकवच तैयार किए जाने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

ये भी पढ़ें- पहले दिन 200 लोगों को बरेली से लखनऊ लेकर जाएगी वंदेभारत, 70 से ज्यादा स्काउट गाइड के बच्चे ट्रेन में होंगे सवार

 

संबंधित समाचार