मुरादाबाद : हार्ट सर्जरी करा बेटे-बहू के साथ दिल्ली से लौट रहे व्यापारी की हादसे में मौत
मृतक विनय अरोरा, फाइल फोटो ...पेड़ से टकराने क बाद कार की स्थिति, इसी कार पर सवार होकर दिल्ली से बरेली जा रहे थे विनय आरोरा और उनके बेटे-बहू
मुरादाबाद। हार्ट सर्जरी कराकर बेटे-बहू के साथ दिल्ली से लौट रहे बरेली के व्यापारी की हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना रविवार रात करीब 2.15 बजे मझोला थाना क्षेत्र में गुन्नौर दे माफी गांव के पास हाईवे के कट के सामने हुई है। हादसे का कारण पुलिस ने कार चालक को झपकी आ जाना बताया है। झपकी लगने से कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतरकर बराबर में लगे दो पेड़ों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पेड़ भी उखड़ गए हैं। हादसे में बुजुर्ग स्टेशनरी व्यापारी की मौत हो गई और कार की पीछे सीट पर बैठी उनकी बहू के सिर और पैरों में चोट आई है, जिसे इलाज के लिए बरेली के मेडिसिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के सी-38 गांधी नगर निवासी विनय अरोरा (67) पुत्र स्वर्गीय देवराज अरोरा अपने बड़े बेटे गौरव और बहू नेहा के साथ रविवार रात में दिल्ली से लौट रहे थे। बहू की गोद में दो साल की बेटी भी थी। विनय दिल्ली के मेंदाता हॉस्पिटल में हार्ट की सर्जरी कराई थी। वह पिछले 10 दिन से भर्ती थे। स्वस्थ होने पर डॉक्टर ने उन्हें रविवार शाम को घर जाने को छुट्टी दी थी। जिस पर वह अपने बेटे-बहू के साथ कार से बरेली लौट रहे थे। कार को बेटा गौरव ही चला रहा था, जबकि ड्राइवर के पड़ोस वाली सीट पर उनके पिता विनय अरोरा बैठे थे। कार की पीछे सीट पर बहू नेहा व उसकी मासूम बेटी सवार थी।
मझोला प्रभारी थानाध्यक्ष विवेक शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही मौके पर लाकड़ी पुलिस चौकी इंचार्ज ओमकार सिंह पहुंचे थे। इन्होंने मृतक के परिवार वालों को फोन पर घटना की जानकारी दी थी। साथ ही एंबुलेंस बुलाकर विनय अरोरा को जिला अस्पताल भेजवाया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया था और उनके शव को मोर्चरी में रखाया था। परिवार वाले घायल नेहा के साथ ही उनके पति गौरव व मासूम बच्ची को बरेली लेकर चले गए थे। नेहा का उपचार चल रहा है।
परिवार में हैं दो बेटे, बिटिया का हो चुका विवाह
अमृत प्रीत ने बताया कि वह मृतक विनय अरोरा के बेटे गौरव के दोस्त हैं। मृतक फुटकर में स्टेशनरी बेचने का काम करता था। दुकान पर इनके दोनों बेटे गौरव व सौरव बैठते हैं। बड़ी बेटी थी, जो विवाहित है। उन्होंने बताया कि मृतक व्यापारी की पत्नी ऊषा अरोरा अभी जीवित हैं। पति की मौत की खबर पाकर ऊषा आरोरा विलाप कर रही थीं।
एयरबैग खुलने से बेटा गौरव बच गया
लाकड़ी चौकी इंचार्ज ओमकार ने बताया कि जिस कार पर बुजुर्ग विनय अरोरा व उनके बेटे-बहू सवार थे, उसकी गति इतनी अधिक थी कि टक्कर होने से दो पेड़ उखड़ गए हैं और कार के परखच्चे उड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि कार में दोनों एयरबैग खुल गए थे। इसलिए गौरव पूरी तरह से सुरक्षित बच गए हैं, लेकिन उनके पिता विनय अरोरा को बहुत अधिक चोट लगी थी उनके प्राण मौके पर ही छूट गए थे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 57 की खोली हिस्ट्रीशीट, फरार 408 हिस्ट्रीशीटरों की खोज में जुटी पुलिस
