Kanpur: होली पर शहर को जगमगाने की तैयारी शुरू; नगर निगम ने डेढ़ करोड़ के टेंडर को दी मंजूरी, तीन दिन में शुरू होगा ये काम...
कानपुर, अमृत विचार। शहर में होली पर दीपावली जैसी जगमग छटा बिखेरने की तैयारी है। अंधेरे से पटी सड़कें और गलियां जल्द रोशन होंगी। नगर निगम शहर के 110 वार्डों में 1540 नई स्ट्रीट लाइटें लगाएगा। पार्षदों के कोटे से भी 150 लाइटें लगेंगी। इसके लिए नगर निगम ने 1.5 करोड़ के टेंडर को स्वीकृति देकर वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया है। तीन दिन में लाइट लगाने का काम शुरू होगा।
शहर में लगभग सवा लाख से ज्यादा पोल हैं। शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग पार्षद पिछले कई महीनों से कर रहे थे। पिछले सदन में पार्षदों ने समस्या बताई थी। जो लाइटें खराब हो गईं हैं उनकी भी मरम्मत फेल हो जाने से दिक्कतें और बढ़ गईं थीं। प्रभारी मुख्य अभियंता लाइटिंग आरके पाल ने बताया कि महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने निर्देश दिया था कि टेंडर जारी किए जाएं।
अब जाकर नई लाइटें लगाने की राह साफ हो सकी है। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि नई स्ट्रीट लाइटों लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया था। अब इसके वर्क ऑर्डर हो गए हैं। 72 घंटे के भीतर नई लाइटें शहर में लगनी शुरू हो जाएंगी। जिससे शहरवासियों की समस्या खत्म होगी।
