बरेली: लोकसभा चुनाव में भी बसपा का जोर मुस्लिम प्रत्याशियों पर, बड़े नेता पर लगाया जा सकता है दांव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: बसपा ने पीलीभीत संसदीय सीट से अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू के नाम पर मोहर लगा दी है। बरेली और आंवला सीट के लिए भी उम्मीदवार तय हो जाने की बात कही जा रही है। जैसा कि पहले से अनुमान लगाया जा रहा था कि इन सीटों पर भी मुस्लिम उम्मीदवारों को उतारे जाने की सुगबुगाहट है। आंवला सीट के लिए उम्मीदवार के तौर पर सपा से हाल ही में टूटे एक बड़े नाम की चर्चा है। दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का प्रस्ताव पार्टी मुख्यालय भेज दिया गया है।

पिछले कई चुनावों से बसपा का जोर मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर रहा है, बरेली मंडल की सीटों पर इस बार भी ऐसे ही आसार नजर आ रहे हैं। पार्टी के मंडल प्रभारी ब्रह्मस्वरूप सागर के मुताबिक पीलीभीत सीट पर अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू का नाम तय कर दिया गया है।

एक-दो दिन में इसकी बाकायदा घोषणा कर दी जाएगी। फूलबाबू बसपा के टिकट पर जीतकर पीलीभीत की बीसलपुर विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। बीच में काफी समय बसपा से अलग भी रह चुके हैं।

बरेली सीट से एक ऐसे मुस्लिम प्रत्याशी का नाम चर्चा में है जो पार्टी के टिकट पर पहले भी कई अलग-अलग चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि पार्टी पदाधिकारी अभी उनके नाम की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं कर रहे हैं। आंवला सीट से बसपा कुछ हद तक चौंकाने वाला नाम घोषित कर सकती है। 

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सपा से टूटे एक वरिष्ठ नेता पार्टी हाईकमान के संपर्क में हैं और उनका नाम करीब-करीब फाइनल होने की हद तक तय हो चुका है। कहा जा रहा है कि इसी सप्ताह मंडल की सभी सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा कर दिए जाने के आसार हैं। पीलीभीत, बरेली और आंवला सीट पर अगले दो दिन में उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट किए जा सकते हैं।

मंडल की तीन सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है सपा
कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे के बाद समाजवादी पार्टी ने अब तक बदायूं, आंवला और बरेली समेत मंडल की तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। पीलीभीत और शाहजहांपुर की सीट कांग्रेस के खाते में रहेंगी या सपा के खाते में, यह अभी तय नहीं है।

बताया जा रहा है कि बसपा बदायूं सीट से भी सपा से टूटे एक मुस्लिम नाम पर विचार कर रही है। बसपा ने अगर बदायूं और शाहजहांपुर से भी मुस्लिम प्रत्याशी घोषित किया तो यह लोकसभा चुनाव उसके और सपा के बीच मुस्लिम वोटों की खींचतान का चुनाव भी बन सकता है।

यह भी पढ़ें- बरेली: 450 मरीजों को लगी एंटी रेबीज वैक्सीन, ना करें नजरअंदाज...ऐसे बरतें सावधानी बरतें

संबंधित समाचार