बरेली: चांद दिखते ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज शुरू, आज पहला रोजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: सोमवार शाम चांद दिखते ही मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज शुरू हो गई। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने बताया कि मरकजी दारुल इफ्ता की रुयते हिलाल कमेटी की ओर से रमजान के चांद का एलान किया गया है। जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने बताया कि मंगलवार को पहला रोजा होगा।

दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने सभी को पवित्र रमजान की मुबारकबाद दी है। सज्जादननशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि मुसलमान इस मुबारक माह में ज्यादा से ज्यादा इल्में दीन सीखें। ज्यादा से ज्यादा इस महीने में इबादत की जाए। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह आला हजरत पर तमाम लोगों ने चांद देखा। 

दूसरी तरफ खानकाह-ए-नियाजिया में सज्जादानशीन मेहंदी मियां के साथ खानकाही परंपरा अनुसार चांद देखा गया। इस दौरान खानकाह प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी, कासिम नियाजी आदि मौजूद रहे।

दरगाह शाह शराफत मियां के मीडिया प्रभारी हमजा सकलैनी ने बताया कि खानकाह पर चांद देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुटे। सज्जादानशीन गाजी मियां ने सभी को रमजान की मुबारक बाद दी। उन्होंने बताया कि खानकाह के मेहमान खाने में तरावीह की नमाज पढ़ाई जाएगी।

10 रोजों तक एक कुरान मुकम्मल किया जाएगा और ग्यारवें रोजे से दोबारा कुरान की तिलावत का आगाज होगा, जो 25 वें रोजे तक मुकम्मल होगा। वहीं, 26 वां रोजा यानी 27 वीं शब को खानकाह में शबीने का आयोजन होगा, जिसमें एक ही रात में दो से तीन बार कुरान मुकम्मल किया जाएगा।

बाजार में दिख रही रमजान की रौनक
बाजार में रमजान की रौनक दिख रही है। सोमवार को चांद दिखने के बाद लोगों ने खजला फेनी आदि की दुकानों से खरीदारी की। अब एक माह तक इसी तरह सिलसिला जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- बरेली: इज्जतनगर मंडल के 21 OSOP स्टॉल का PM मोदी करेंगे वर्चुअल लोकार्पण

संबंधित समाचार