लखनऊ: सीसीटीवी फुटेज से की जा रही अकबर नगर में हुई पथराव के आरोपियों की पहचान
लखनऊ, अमृत विचार। अकबर नगर में मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की अफवाह के बाद पुलिस और एलडीए टीम पर पथराव के आरोप में सात नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, वीडियोग्राफी और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस की मौजूदगी में एलडीए की टीम रविवार शाम अकबर नगर में अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रही थी। कार्रवाई में एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आकर आसपास खड़े तीन लोग घायल हो गए थे। किसी ने मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत होने की अफवाह फैला दी।
इसी अफवाह पर स्थानीय लोगों ने एलडीए, जिला प्रशासन, पीएसी और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था। डीसीपी मध्य रवीना त्यागी ने बताया कि रविवार देर रात महानगर पुलिस ने हबिदुल, अरशद वारसी, मो. नौशाद, फजल अहमद, मो. सैफ खान, आदिल इश्तियाक, रेहान अली समेत सैकड़ों अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जेल जाने के भय से आरोपी फरार हैं। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, वीडियोग्राफी और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। डीसीपी ने बताया कि अफवाह फैलने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जिसके बाद फौरन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के वक्त वीडियोग्राफी भी कराई थी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस व प्रशासनिक टीम पर पथराव करने वालों के वीडियो भी वायरल हुए हैं। इसके आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-अकबर नगर: न्यायालय की अनुमति के बाद एलडीए तोड़ेगा दुकानें और मकान
