लखीमपुर-खीरी: बिजली की स्पार्किंग से महादेव टांडा में लगी आग, 60 घर स्वाहा...ग्रामीणों में मची चीख पुकार
लखीमपुर-खीरी/सिंगाही, अमृत विचार: थाना सिंगाही के गांव महादेव टांडा में मंगलवार को छप्परपोश घर के अंदर लगे बिजली की बोर्ड में हुई स्पार्किंग एक घर में आग भड़क उठी। ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश करते। इससे पहले ही उठी भीषण लपटों ने एक-एक कर करीब 60 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गांव में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण घरों का सामान निकालकर उसे बचाने की कोशिश में जुटे रहे।
अग्निकांड मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे हुआ। थाना सिंगाही क्षेत्र की ग्राम पंचायत बथुआ के मजरा महादेवा टांडा निवासी श्रवन कुमार गौतम और उसके भाई उत्तम कुमार का छप्परपोश घर है। दोनों घर एक में ही जुड़े हैं। घर के अंदर पड़े छप्पर के नीचे लगे बिजली के बोर्ड में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई।
परिवार के लोगों को तब जानकारी हुई। जब आग की लपटें उठने लगीं। यह देख घर में चीख पुकार मच गई। परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए जान बचाकर बाहर भागे। शोर शराबा होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन इस दौरान चलने वाली तेज हवा ने उन्हें बेबस कर दिया। हवा के कारण पल भर में उठ रहीं लपटें एक दूसरे घरों को चपेट में लेकर आगे बढ़ती हैं। इससे पूरे गांव में चीख पुकार मच गई।
लोग अपने घरों का सामान निकालकर खेतों आदि सुरक्षित जगहों पर ले जाने लगे। साथ ही घरों को बचाने के लिए उन पर पड़े छप्परों को गिराना शुरू कर दिया। साथ ही तमाम ग्रामीण आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। सूचना पर फायर बिग्रेड के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में राधे, नंदकिशोर, विजय कुमार, उत्तम कुमार, जगदंबा, बलराम, राजेंद्र, सोहन, अशोक, मेला राम, रंजीत, श्रीराम, राजकुमार, राम गुलाम, रामनरेश, हर सेवक, गुलफाम, मेहंदी हसन, सरताज समेत करीब 60 घर जलकर स्वाहा हो गए। अग्निपीड़ित शत्रोहन की पशुशाला में बंधई पड़िया जिंदा जल गई।
आग इतनी भयावह थी कि लोग जान बचाकर घरों से निकाल पाए। इससे उनका गृहस्थी का रजाई, बिस्तर, कपड़ा, बर्तन, चारपाई, साइकिल, राशन आदि सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। भीषण अग्निकांड की सूचना पाकर तहसीलदार भीमचंद, नायब तहसीलदार हरीराम राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अग्नकांड का जायजा लिया। क्षेत्रीय लेखपाल सर्वजीत वर्मा को नुकसान का आंकलन कर सूची बनाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: युवक के गर्दन पर फावड़े से किया वार, मौत
