सीतापुर: तालाब किनारे युवक का मिला शव,गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान
सीतापुर, अमृत विचार। रामपुरकलां थाना इलाके में मंगलवार की दोपहर एक युवक का शव तालाब किनारे मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के गर्दन पर धारदार हथियार से वारकार कर हत्या किये जाने के निशान मिले है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजकर तफ्तीश में जुट गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी रामकिशोर (33) वर्ष पुत्र सुरेश सोमवार की देर रात शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस आया और रात करीब एक बजे पुनः घर से तालाब पर मछलियों को देखने के लिए निकल गया। परिजनों ने बताया कि जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह राम किशोर का शव गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। परिजनों की सूचना पर थानाध्यक्ष नवनीत मिश्र मयफोर्स मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। एडिशनल एसपी दक्षिणी डा. प्रवीण रंजन ने बताया कि मृतक के पिता सुरेश की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
ये भी पढ़ें -कासगंज: जेएस सिद्धार्थन की हत्या को लेकर जताया विरोध, फूंका पुतला...जमकर नारेबाजी
