CM योगी का जनवरी से अब तक का बरेली में तीसरा दौरा, मुख्यमंत्री के साथ मंच पर बैठेंगे 50 से ज्यादा नेता
बरेली, अमृत विचार: बरेली कॉलेज ग्राउंड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए बनाए जा रहे मंच पर कई मंत्रियों के साथ 50 से ज्यादा पार्टी के नेता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर इतने नेताओं की मौजूदगी के पीछे लोकसभा चुनाव को वजह माना जा रहा है। बरेली में जनवरी से अब तक मुख्यमंत्री का यह तीसरा दौरा है।
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक जनसभा के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद संतोष गंगवार, धर्मेंद्र कश्यप, सभी विधायक, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ करीब 50 लोग मौजूद रहेंगे। भगवा पंडाल में करीब 15 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। पंडाल लगा रहे गोपेश अग्रवाल को कुर्सियों के अलावा यहां करीब 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री का जिले के प्रभारी मंत्री, पशुधन मंत्री, पीडब्ल्यूडी मंत्री स्वागत करेंगे। इधर, कई जनप्रतिनिधियों का मानना है कि मुख्यमंत्री जनसभा में बरेली के लिए बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं। दरअसल, लंबे समय से एम्स के साथ शहर में मेट्रो ट्रेन शुरू करने की मांग की जा रही है। मेट्रो की डीपीआर भी बनी थी लेकिन नाथ कॉरिडोर की स्वीकृति के बाद इस पर कोई काम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- बरेली: यात्रियों का यादगार बना सफर, 2 घंटा 52 मिनट में लखनऊ पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस
