बरेली: बढ़ते सड़क हादसों पर मंडलायुक्त ने जताई चिंता, मृतकों की संख्या भी 8.16 प्रतिशत बढ़ी
बरेली, अमृत विचार: कमिश्नरी सभागार में मंगलवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जाहिर की। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि जहां पर सड़क दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही हैं, वहां के मार्गाें का सड़क सुरक्षा ऑडिट कराएं। उन्होंने कहा सड़क हादसों के शिकार लोगों को जल्द ही सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
समीक्षा में कमिश्नर ने पाया कि वर्ष 2023 में 3123 सड़क हादसों में 1536 लोगों की मौत हुई। इस हिसाब से 2022 की तुलना में 2023 में सड़क हादसों में 11.73 प्रतिशत वृद्धि हुई। इसके अलावा मृतकों की संख्या भी 8.16 प्रतिशत और घायलों की 14.72 अधिक है। उन्होंने कहा कि हिट एंड रन के मामलों में भी जल्द सहायता दी जाए। उन्होंने स्कूली वाहनों के मानकों की जांच पर जोर दिया।
कमिश्नर ने कहा कि कोई भी स्कूल वाहन अवैध रूप से एलपीजी किट लगाकर नहीं चलेगा। कमिश्नर और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने स्कूल, कॉलेज, ट्रक, बस, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा के चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के आदेश जिम्मेदारों को दिए। बैठक में संयुक्त निदेशक शिक्षा राकेश कुमार, अपर निदेशक बेसिक विनय कुमार, एसपी यातायात शिवराज सिंह, एआरटीओ कमल प्रसाद गुप्ता, दिनेश कुमार, पीडी मुरादाबाद एके जैन, मैनेजर एनएचएआई रोहित सिंह, प्रवीन आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- CM योगी का जनवरी से अब तक का बरेली में तीसरा दौरा, मुख्यमंत्री के साथ मंच पर बैठेंगे 50 से ज्यादा नेता
