बरेली: वार्ड में नहीं आ रहे सफाईकर्मी, पार्षद ने धरने पर बैठने की दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- सहसवानी टोला वार्ड में फैली गंदगी।

बरेली, अमृत विचार: वार्ड 40 सहसवानी टोला में पिछले तीन दिनों से सफाईकर्मी नहीं आ रहे हैं। इससे वार्ड के लोग परेशान हैं। इस पर पार्षद सरिता रानी और उनके पति पूर्व पार्षद हरिओम कश्यप ने नगर निगम के अफसरों को फोन कर समस्या बताई, मगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज पार्षद और उनके पति ने बुधवार को मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान नगर निगम परिसर में धरने देने की चेतावनी दी है।

निजी से निगम के हाथों में पहुंची सफाई व्यवस्था, मगर नहीं सुधरे हालात
पार्षद सरिता रानी और उनके पति हरि ओम कश्यप के अनुसार जब उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था निजी हाथों में थी, तब वार्ड में 28 कर्मचारी दिए गए थे। ठेकेदार की सफाई व्यवस्था से वह संतुष्ट नहीं थे। जनता सफाई नहीं होने की बात उनके घर आकर या फोन पर कहती रहती थी।

ठेकेदार के लोग पार्षद की बात नहीं सुनते थे। इसपर उन्होंने निगम को सफाई की सरकारी व्यवस्था करने को पत्र दिया था। इसके तहत वार्ड में 22 कर्मचारी दिए गए। कुछ दिन बेहतर काम हुआ, लेकिन फिर वार्ड के कर्मचारियों को दूसरी जगह भेजा जाने लगा। अब वार्ड में तैनात कर्मचारी आ नहीं रहे हैं। लोग उनके घर आकर सफाई न होने की शिकायत कर रहे हैं।

सफाई की व्यवस्था नहीं
करीब 25 हजार की आबादी वाले वार्ड में मीरा की पैठ में बाजार लगता है। यहां अनाज की बड़ी मंडी है। जगतपुर, सहसवानी टोला, सतीपुर, आनंद विहार काॅलोनी, नवादा शेखान, बुखारपुरा आदि मोहल्ले आते हैं, लेकिन यहां सफाई की व्यवस्था नहीं है।

अफसरों ने भी नहीं सुना
पूर्व पार्षद हरिओम कश्यप ने बताया कि तीन दिन पहले नगर स्वास्थ्य अधिकारी से कर्मचारी भेजने की बात कही। इसपर उन्होंने कहा कि सफाई निरीक्षक से बात कर बताते हैं। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त सुनील यादव से बात की तो उन्होंने कह दिया कि मुख्यमंत्री आ रहे हैं। उनके कार्यक्रम में व्यस्त हैं। पूर्व पार्षद हरिओम कश्यप ने कहा कि पार्षद पत्नी के साथ धरने पर बैठकर विरोध जताएंगे। अफसर भी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं।

वार्ड में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था हो गई है। कल से वार्ड 40 में सफाई व्यवस्था सुचारू होगी---डॉ. भानु प्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।

यह भी पढ़ें- CM योगी का जनवरी से अब तक का बरेली में तीसरा दौरा, मुख्यमंत्री के साथ मंच पर बैठेंगे 50 से ज्यादा नेता

संबंधित समाचार