Holi 2024: रंगों का त्योहार नजदीक आते ही तैयारियां शुरू, बाजार हुए गुलजार, घरों में चिप्स-पापड़ भी तेजी पर...

फतेहपुर में रंगों का त्योहार होली की तैयारियां शुरू

Holi 2024: रंगों का त्योहार नजदीक आते ही तैयारियां शुरू, बाजार हुए गुलजार, घरों में चिप्स-पापड़ भी तेजी पर...

फतेहपुर, अमृत विचार। रंगों का त्योहार होली नजदीक आते ही घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। महिलाएं व युवतियों ने चिप्स व पापड़ बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसलिए आम तौर पर सूनी रहने वाली छत व छज्जे गुलजार हो गए हैं। इससे गांवों व कस्बों में रंगोत्सव माहौल तैयार होने लगा है।

रंगों के त्योहार होली में सिर्फ 12 दिन का समय बचा है। शहर से लेकर गांवों में होली की तैयारी जोरों पर हैं। इन दिनों घर-घर चिप्स पापड़ बन रहे है। छतों पर कहीं ननद-भाभी, तो कहीं सास-बहू या देवरानी-जेठानी हंसी ठिठोली के बीच चिप्स, पापड़, लच्छे व कचरी तैयार कर रहीं हैं। 

सबसे सुंदर नजारा तो गांव में देखने को मिलता है, जहां महिलाएं होली गीतों का लुत्फ उठाते हुए चिप्स, पापड़ बनाने में जुटी दिख रही हैं। महिलाएं त्योहार में बाजार के मंहगे चिप्स, पापड़ खरीदने के बजाय इनको घर में ही तैयार करने में जुटी हैं। 

महिलाओं का कहना है कि घर के बने चिप्स पापड़ की तुलना में बाजार के रंग बिरंगे चिप्स, पापड़ टिक नहीं पाते हैं। इसलिए लोग घरों में तैयार किए गए आइटमों का भरपूर आनंद भी लेते हैं। महिलाओं का कहना है कि मौजूदा समय में रेडीमेड पापड़ तीन से साढे सौ रुपए व चिप्स 80 से 90 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। 

त्योहार में इनके दामों में और बढ़ोत्तरी की संभावना है। ऐसे में 15 से 20 रुपये किलो की दर से आलू व 80 रुपये किलो की दर से साबूदाना खरीद कर घर में ही चिप्स व पापड़ तैयार करना मुफीद देखकर इसकी जोर-शोर से तैयारी चल रही है। 

सेहतमंद होते घरेलू पापड़

डॉक्टरों का कहना है कि घर में तैयार होने वाले चिप्स व पापड़ स्वादिष्ट होने के साथ ही सेहत के हिसाब से सही भी होते हैं। बाजार में त्योहार पर इनके दाम भी आसमान छूने लगते हैं। इससे इनको घर में ही तैयार करना अधिक लाभकारी रहता है।

इसके अतिरिक्त मिलावट का भी कोई खतरा नहीं रहता। बाजार के चिप्स,पापड़ आदि को आकर्षक बनाने के लिए खराब व केमिकल रंग व घटिया तेल मिलाया जाता है। इससे यह काफी लुभावने तो दिखते हैं, लेकिन यह लोगों की सेहत खराब कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Hamirpur: गुटखा खाने के बाद गले में फंसने से महिला की मौत...परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार