लखीमपुर खीरी: अलग-अलग हादसों में शाहजहांपुर के दंपती समेत छह की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना फरधान क्षेत्र में रोडवेज बस की ने थाना फरधान क्षेत्र के गांव पचपेड़वा में एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक और पीछे बैठे शाहजहांपुर के दंपती की मौत हो गई। वहीं थाना सिंगाही क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से घायल हुए बाइक चालक ने भी दम तोड़ दिया।

उधर मंगलवार को थाना फरधान क्षेत्र में हादसे में घायल हुए किशोर ने उपचार के दौरान लखनऊ में दम तोड़ दिया। पलिया क्षेत्र में निजी बस से कुचलकर एक बुर्जुग की मौत हो गई। पुलिस ने सभी छह शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।

पहला हादसा पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर गांव पचपेड़वा के पास बुधवार की सुबह करीब 11 बजे हुआ। जिला शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा के गांव सिसौरा सिसौरी संजीव सक्सेना अपनी बाइक से पास के ही गांव धर्मापुर निवासी राम औतार उर्फ खेमकरन और उनकी पत्नी खिलौना देवी को साथ लेकर लखीमपुर दवा लेने जा रहे थे।

गांव पचपेड़वा के पास लखीमपुर से बरेली जा रही शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे संजीव कुमार (35) पुत्र बृहमादीन निवासी सिसौरा और रामऔतार उर्फ खेमकरन (38) पुत्र प्यारेलाल निवासी धर्मापुर थाना बंडा जिला शहांजहांपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार खेमकरन की पत्नी खिलौना देवी (34) गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से भाग निकला। पुलिस ने बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंत्व्य के लिए रवाना किया।

दूसरा हादसा मंगलवार की देर रात थाना सिंगाही क्षेत्र में हुआ। कोतवाली तिकुनियां के गांव बनवीरपुर निवासी बबलू (26) पुत्र पूरन गांव के ही गौतम यादव के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। सिद्ध बाबा के पास सामने गन्ना भरे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची सिंगाही पुलिस दोनों को निघासन सीएचसी लेकर पहुंची। जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर बबलू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

सड़क हादसे में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत
लखीमपुर खीरी। थाना फरधान के गांव मनिकापुर निवासी शुभम (16) के पिता दुलारे गांव के निकट बने एक पैलेस में चौकीदारी करते हैं। मंगलवार की देर रात शुभम पिता को खाना देने जा रहा था। सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

मौके पर पहुंची पीआरवी ने घायल को सीएचसी ले गई थी, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। लखनऊ में उपचार के दौरान शिवम की मौत हो गई। शुभम कक्षा नौ का छात्र था, जो एक निजी स्कूल में पढ़ता था। एसओ कौशल किशोर ने बताया मृतक के पिता दुलारे की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

निजी बस से कुचलकर बुजुर्ग की मौत
कस्बा मझगई निवासी नूर मोहम्मद (65) घर का कोई सामान लेने दुकान पर लेने गए थे। इसी बीच किसी एक प्राइवेट बस ने उन्हें रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मझगई थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया हंगामा
सड़क हादसे में शाहजहांपुर के दंपती समेत तीन लोगों की मौत होने की जानकारी पुलिस ने जब उनके परिवार वालों को दी तो उनमें कोहराम मच गया। रोते-बिलखते लोग सीएचसी फरधान पहुंचे। जहां रखे संजीव कुमार और रामऔतार उर्फ खेमकरन का शव देख उनमें चीख पुकार मच गई।

परिजन सीएचसी पर देर शाम तक हंगामा करते रहे। उनका कहना था कि जब तक मौके पर कोई उच्चाधिकारी नहीं आता है और उन्हें मुआवजा नहीं मिलता है। तब तक वह पंचायतनामा पर दस्तखत नहीं करेंगे।

पुलिस ने पीड़ित परिवार को मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। देर शाम तहसीलदार सुशील प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने  सरकार द्वारा उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। उसके बाद परिजन मान गए और पंचनामा पर हस्ताक्षर किए। तब जाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सीएमओ को बिना डॉक्टर भर्ती मिले मरीज, शिव हॉस्पिटल सील 

संबंधित समाचार