लखनऊ: केजीएमयू की मेडिकोज के इस शोध से मरीजों को मिलेगा फायदा, अमेरिका मे मिला अवार्ड
लखनऊ, अमृत विचार। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की छात्रा एक शोध करने जा रही है। जिससे भारत में चिकित्सकों की क्षमता का पता चलेगा। इस शोध के लिए International Association for Dental Research (IADR) ने छात्रा शिवांगी सिंह को साल 2024 के प्रतिष्ठित डेविड बी स्कॉट पुरस्कार का विजेता चुना है।
दरअसल, IADR दंत चिकित्सा, ओरल और क्रैनियोफेशियल रिसर्च के लिए समर्पित सबसे पुराना और प्रतिष्ठित संगठन है। इसकी स्थापना 1920 में हुई थी और इसका मुख्य कार्यालय वर्जीनिया, अमेरिका में है। एसोसिएशन ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की बीडीएस अंतिम वर्ष की छात्रा शिवांगी सिंह को वर्ष 2024 के प्रतिष्ठित डेविड बी स्कॉट पुरस्कार का विजेता चुना है। इस पुरस्कार में शिवांगी को $2500 (लगभग 2,10,000 रुपये) की धनराशि दी जाएगी । बुधवार को अमेरिका के लुइसियाना, न्यू ऑरलियन्स में 2024 IADR कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह में इस अवॉर्ड की घोषणा की गई।
इस अवॉर्ड के एप्लीकेशन में उनके मेंटर, प्रोफेसर सौम्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शिवांगी पुरस्कार राशि पूरी बत्तीसी, डेंटल फिलिंग्स और दांत निकालने जैसी साधारण दंत चिकित्सा प्रक्रियाओं को करने में सम्पूर्ण भारत के नवीन दंत चिकित्सक व ट्रेनीज़ की क्षमता जांच करने में उपयोग करेंगी। शिवांगी ने बताया कि उन्होंने एक प्रस्ताव बनाया है। जिसके तहत दंत चिकित्सा के क्षेत्र में काम करने वाले नये डॉक्टर और ट्रेनीज के कार्यों को जाना जा सकेगा। जिससे यह पता चल सकेगा की दंत चिकित्सा के क्षेत्र में कौन अच्छा काम कर रहा है और कौन नहीं। इससे मरीजों को सही इलाज मिल सकेगा।
केजीएमयू डेंटल फैकल्टी के डीन प्रोफेसर रंजीत पाटिल ने कहा कि यह शोध भारतीय दंत चिकित्सकों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने में महत्वपूर्ण होगा, जिसका असर सम्पूर्ण स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर पड़ता है।
केजीएमयू की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने शिवांगी को उनकी विश्व स्तर की उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि केजीएमयू को शिवांगी जैसे उच्च-क्षमता वाले छात्रों पर बहुत गर्व है, जो न केवल चिकित्सा शिक्षा बल्कि अनुसन्धान में भी उत्कृष्ट योगदान अर्जित करते हैं।
यह भी पढ़ें: देवरिया: रजिस्ट्रार ऑफिस का बाबू 15000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
