प्रयागराज: बीएचयू के जूनियर रेजिडेंट ने घरवालों से कहा- यमुना में लगाने जा रहा हूं छलांग और कूद गया नदी में
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शुरू की तलाश
प्रयागराज/ नैनी, अमृत विचार। गुरुवार की देर रात नैनी थाने को सूचना मिली कि नए यमुना पुल से जूनियर रेजिडेंट सौरभ अहिरवार ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी। नैनी पुलिस ने टोल के पास से एक बाईक बरामद की है। इसके साथ ही गोताखोरो की मदद से नदी में भी सर्च करा रही है। फिलहाल अभी तक डॉक्टर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के अनूपपुर के रहने वाले डॉक्टर सौरभ अहिरवार (25) वर्ष पुत्र सुखलाल तीन भाइयों में छोटा है। उसकी एक बहन भी है। दोनों भाइयों में बड़ा भाई रवि दिल्ली में यूपीपीसीएस की तैयारी कर रहा है, जबकि दूसरे नंबर का भाई अपने मामा के घर रहकर सीए की पढ़ाई कर रहा है। वहीं डॉक्टर सौरभ वाराणसी के बीएचयू में पीजी प्रथम वर्ष की तैयारी करता है। शुक्रवार की रात वह ट्रामा सेन्टर हॉस्टल से निकला और अपने दोस्त कपिल के पास पहुंच गया। वहां सौरभ ने उनसे हेलमेट मांगा और अपने दोस्त अंकित से मिलने के बाद गांव अनूपपुर जाने की बात करने लगा। उस दौरान कपिल ने बाईक से जाने पर कहा कि ध्यान से जाना सफर लंबा है। इसके बाद सौरभ हेलमेट लेकर वहां से चला गया। अचानक सौरभ ने घरवालों को फोन कर कहा कि वह प्रयागराज के यमुना पुल पर है और छलांग लगाने जा रहा है। इसके बाद फोन काट दिया। इसकी जानकारी जब परिवार के लोगों ने नैनी पुलिस को दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु करा दी। जहां मौके पर पुल के टोल चुंगी के पास एक बाईक मिली। वहीं परिजन भी आनन फानन में प्रयागराज पहुंच गये।
पुलिस ने तत्काल गोताखोरो को बुलाकर नदी में तलाश शुरु करा दी। नैनी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक शुक्रवार को डा. कपिल देव शर्मा पुत्र महेश शर्मा निवासी पुरोल उत्तरकाशी उत्तराखण्ड ने थाना नैनी पर सूचना दी कि उनके मित्र डा सौरभ अहिरवार 14 मार्च को वाराणसी से लापता हो गये थे। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने अपने परिवार को बताया कि प्रयागराज के पुल से कूदकर आत्महत्या कर रहा हूँ। इस जानकारी के बाद घरवालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी थी। डा. सौरभ की मोटरसाइकिल यमुना पुल की टोल चुंगी पास मिली है। मामले में गुमशुदगी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से तलाश की जा रही है। इसके अलावा गोताखोरों को लगाकर नदी में भी सर्च किया जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
यह भी पढे़ं: Lucknow breaking: लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी के बाद व्यापारी ने खुद को मार ली गोली, परिवार में कोहराम
