Holi 2024: अब परदेशियों को घर पहुंचने में नहीं करनी होगी मशक्कत...परिवहन विभाग ने निकाली होली स्पेशल बसें, इस दिन से होगी शुरू
फतेहपुर में होली पर्व पर परदेशियों को घर पहुंचाएंगी होली स्पेशल बसें
फतेहपुर, अमृत विचार। रोजी-रोटी के फेर घर से दूर रहने वालों को होली पर्व पर परिजनों तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की ओर से होली स्पेशल बसें संचालित की जाएंगी। एक सप्ताह तक चलने वाली होली स्पेशल बसों का संचालन 24 घंटे तक किया जाएगा। इसके लिए लंबी दूरी वाली बसों के साथ ग्रामीण सेवा वाली बसों का राउंड भी बढ़ाने की तैयारी है।
होली पर गैर प्रांतों में रहकर रोजी रोटी कमाने वाले हर हाल में परिजनों तक पहुंचना चाहते हैं। ऐसे में परदेशियों को परिजनों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय रोडवेज डिपो के अफसरों ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। स्थानीय रोडवेज डिपो की ओर से होली स्पेशल सेवा वाली बसों का संचालन 22 मार्च से एक अप्रैल तक किया जाएगा।
इसमें शामिल सभी बसें 24 घंटे सेवा वाली होंगी। हालांकि सवारी नहीं होने पर इनका संचालन का समय परिवर्तित किया जा सकता है। डिपो के अफसरों की ओर से पर्व पर यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सफर कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
परिवहन निगम की ओर से होली स्पेशल सेवा बसों का संचालन करने के लिए डिपो के चालक-परिचालकों से आवेदन मांगा गया है। इसमें शामिल होने वाले चालक परिचालकों को चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है।
ये भी पढ़ें- Holi 2024: होली को लेकर मिलावटखोर सक्रिय...सेहत बिगाड़ सकते रंगीन चिप्स-पापड़, सावधान रहकर बाजारों से करें खरीदारी
