Kanpur: स्कूल संचालिका के घर डकैती डालने वाला मास्टरमाइंड निकला पड़ोसी, हत्या कर संपत्ति हड़पने का बनाया था प्लान...ऐसे हो गया फेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद पकड़े गए बदमाशों ने घटना के खोले राज

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में गुरुवार देर रात सजारी पुल के पास पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़ का खुलासा हो गया है। पुलिस ने घटना का पर्दाफाश किया तो सभी के होश उड़ गए। घटना का मास्टर माइंड पड़ोसी निकला। स्कूल संचालिका के पड़ोसी ने उनकी परिवार समेत हत्या करने के बाद संपत्ति हड़पने की साजिश रची थी। 

आरोपी और उसके साथी स्कूल संचालिका के घर में लूट में असफल होने के बाद उनकी बेटी-दामाद की हत्या की साजिश रच चुके थे। वृद्धा की बेटी के घर घटना को अंजाम देने जा रहे थे, तभी उनकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई और चार आरोपी दबोचे गए।

डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चकेरी के सुभाष रोड निवासिनी स्कूल प्रबंधक 70 वर्षीय हेमलता जोशी के पति नवीन चंद्र जोशी का कोरोना से निधन हो गया था। उनके पड़ोस में रहने वाली महिला बिट्टो उर्फ प्रीति, नवीन जोशी को राखी बांधती थी, जिसकी वजह से बिट्टो और उनके पति मुकेश महाजन उर्फ राजू का घर में आना-जाना था। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में मुकेश जब महाराजपुर थाने से डकैती के मामले में जेल गया तो हेमलता के परिवार ने उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी। वह इस बात की खुन्नस रखने लगा था। इस बीच मुकेश की मुलाकात जेल में कल्याणपुर में डॉक्टर के घर डकैती डालने वाले उत्तराखंड निवासी दयाल सिंह और मध्य प्रदेश निवासी सत्येंद्र सिंह से हुई। 

जेल में ही तीनों ने स्कूल संचालिका के घर डकैती की योजना बनाई। आरोपी दयाल के जेल से छूटने के बाद मुकेश ने उससे संपर्क किया। इसके बाद दो मार्च को दयाल उत्तराखंड के अपने साथी तेज सिंह नेगी, चंदन और सतेंद्र के साथ वारदात को अंजाम देने आया था। इस दौरान आरोपियों ने वृद्धा के नाती को बंधक बना लिया लेकिन वह वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। 

आरोपी उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। इसके बाद मुकेश ने साथियों के साथ मिलकर वृद्धा और उनके बेटी-दामाद की हत्या के बाद पूरी संपत्ति हड़पने की साजिश रची। जिसे अंजाम देने के लिए वे जा रहे थे, तभी पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया। पूरी घटना का मास्टरमाइंड मुकेश है जो पुलिस से फरार है। 

डीसीपी ने बताया कि कल्याणपुर थानाक्षेत्र में वर्ष 2022 में डॉ सुशील चौधरी के घर हुई डकैती में आरोपी दयाल, अभिलाष कुमार, मंगलदीप जेल भेजे गए थे। उस मामले में आरोपी प्रकाश उर्फ तेज सिंह नेगी और चंदन फरार चल रहे थे, जिन्हें चकेरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शातिरों को गिरफ्तार करने में प्रभारी निरीक्षक चकेरी अशोक कुमार दुबे, उपनि देवीशरण सिंह, आदेश कुमार, विपिन कुमार बघेल, रवीन्द्र राणा आदि शामिल रहे।

ये भी पढ़ें- Kanpur: केडीए वीसी ने संभाला चार्ज, अधिकारियों के साथ की बैठक, बोले- जनमानस की समस्याओं का निस्तारण...

संबंधित समाचार