SBSP प्रवक्ता बोले-हम तैयार, चुनाव की घोषणा का था इंतजार, EVM को लेकर विपक्ष पर कही बड़ी बात
लखनऊ, अमृत विचार। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे और मतगणना चार जून को होगी। इसके साथ ही पूरे देश में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे करने लगे हैं। भाजपा के साथ यूपी में लोकसभा चुनाव लड़ रही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी बड़ा दावा किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने कहा कि हमारी पार्टी और गठबंधन लोकसभा चुनावों को लेकर पहले से ही तैयार है, हम तो केवल चुनावों को लेकर तारीखों की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के 400 सीट के लक्ष्य को पूरा करने के लिए गठबंधन का हर कार्यकर्ता लगातार काम कर रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार में सभी को लाभ देने का काम किया गया है। इसमें जाति, मजहब सभी को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता हमारे साथ है और यूपी में सभी 80 सीट पर हमारा गठबंधन जीत दर्ज करेगा।
गौरतलब है कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल 16 जून को खत्म होने वाला है। वहीं, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव 13 मई को होगा। 19 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

विपक्ष ने EVM पर सवाल उठाते ही मानी हार
एसबीएसपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने विपक्ष की तरफ से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाने को लेकर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावों की घोषणा होने पर अगर ईवीएम पर सवाल उठा रहा है तो साफ़ है कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है। प्रवक्ता ने कहा कि हमारा गठबंधन पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लिए काम कर रहा है। जबकि विपक्ष अपनी करतूतों की वजह से जनता से कट गया है। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को नकार दिया है और आने वाले समय में चुनाव परिणाम इस सच को साबित कर देंगे।
ये भी पढ़ें - Lok Sabha Election Dates 2024: लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, सात चरणों में होगी वोटिंग...4 जून को नतीजे
