बरेली: उर्स-ए-रजवी में बंद रहेंगे दरगाह के मेहमानखाने
बरेली,अमृत विचार। आला हजरत के उर्स में इस बार कोरोना महामारी के चलते 100 लोग ही शामिल हो सकेंगे। जायरीन को रोकने के लिए दरगाह की तरफ से भी प्रयास किए जा रहे हैं। दरगाह प्रमुख ने देशभर की मस्जिदों के इमाम को पत्र लिखकर कहा है कि सभी इमाम जुमे की नमाज में जायरीन …
बरेली,अमृत विचार। आला हजरत के उर्स में इस बार कोरोना महामारी के चलते 100 लोग ही शामिल हो सकेंगे। जायरीन को रोकने के लिए दरगाह की तरफ से भी प्रयास किए जा रहे हैं। दरगाह प्रमुख ने देशभर की मस्जिदों के इमाम को पत्र लिखकर कहा है कि सभी इमाम जुमे की नमाज में जायरीन से अपील करते हुए उर्स में न आने की बात कहें। लोग अपने घरों में रहकर ही उर्स की रस्म अदा करें।
आला हजरत फाजिले बरेलवी के तीन रोजा उर्स ए रजवी का आगाज 12 अक्टूबर से हो रहा है। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए कई तरह की सावधानियां प्रशासन और दरगाह कमेटी की ओर से बरती जा रही हैं।
इसी क्रम में दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने देशभर की मस्जिदों के इमामों और मुतावल्लियों से अपील की है कि वो अपनी-अपनी मस्जिदों से जुमे की नमाज में लोगों से उर्स-ए-रजवी के दौरान उर्सगाह इस्लामियां मैदान न जाने की अपील करें। जो जहां हैं, वहीं रहकर उर्स कुल की रस्में अदा करें। उर्स का लाइव ऑडियो प्रसारण होगा जिसे जायरीन घर बैठे सुन सकेंगे। मुफ्ती सलीम नूरी व हाजी जावेद खान ने बताया कि उर्स के दौरान दरगाह के हॉस्टल, मेहमानखाना आदि बंद रहेंगे।
सज्जादानशीन भी जिलेभर में कर रहे दौरा
दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह की अपील शहर भर के इमामों को पत्र के जरिए और देशभर में सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी जा रही है। वहीं, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां भी जिलेभर में दौरा कर लोगों से अपील कर रहे हैं कि लोग कोविड 19 के चलते घरों में उर्स करें। गुरुवार को सज्जादानशीन ने ठिरिया निजावत खां, कैंट, पदारथपुर, बिहारीपुर में बैठक कर सहयोग की अपेक्षा की।
इस मौके पर मौलाना जमील, मौलाना जाहिद रजा, मौलाना बशीर कादरी, शाहिद नूरी, परवेज नूरी, अजमल नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी, साजिद नूरी, मंजूर खान, शान रजा, तारिक सईद, सय्यद जुनैद, मुस्तकीम रजा, मुजाहिद बेग, सबलू रजा, यूनुस साबरी, ज़ोहिब रजा, साकिब खान, आलेनबी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
