मुरादाबाद : 1251 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, सड़कों पर नजर आया भगवा रंग
आज महानगर पहुंचेंगे बाबा बागेश्वर धाम सरकार, सड़कों पर नजर आया भगवा रंग
महाकालेश्वर धाम से निकली कलश यात्रा
मुरादाबाद, अमृत विचार। नया मुरादाबाद की सड़कें रविवार को भगवा रंग में पूरी तरह डूब गई। चारों ओर जय श्रीराम के जयकारे से माहौल भक्तिमय हो गया। यहां 1251 महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। इस दौरान बैंडबाजों पर भक्ति धुनों व जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। सोमवार को कथा के लिए बाबा बागेश्वर धाम सरकार भी महानगर पहुंच जाएंगे।
श्रीराम बालाजी धाम बाबा नीव करोरी आश्रम ट्रस्ट के की ओर से चार दिवसीय हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार का आयोजन होने जा रहा है। इसकी शुरुआत रविवार को महाकालेश्वर धाम नया मुरादाबाद से कलश यात्रा निकालने से हुई। इसमें मुख्य यजमान विनीत कुमार गुप्ता लोहिया, विभोर कुमार गुप्ता लोहिया, अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कलश यात्रा का आरंभ जय श्रीराम जय हनुमान जय बागेश्वर धाम के उद्घोष के साथ किया। इसमें 1251 कलश सिर पर धारण कर व पीले वस्त्र पहन कर महिलाएं यात्रा में सम्मिलित हुई।
इस दौरान बड़ी संख्या में हनुमान भक्त भी शामिल रहे। इस दौरान चारों ओर भगवा रंग ही दिखाई दिया। कथा स्थल तक काफी संख्या में भक्त उमड़े। यात्रा में बैंडबाजे, डीजे एवं घोड़ा बग्गी भी शामिल रहीं। यात्रा में महिलाएं झूमती गातीं कथा स्थल पर पहुंची। सभी ने अपने-अपने कलशों को स्थापित किया। वहीं भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर कथा स्थल को राममय कर दिया।
आयोजक विनीत कुमार लोहिया ने बताया कि बाबा बागेश्वर धाम सरकार सोमवार को महानगर में पहुंचेंगे। दोपहर 2:00 बजे के बाद हनुमंत कथा का आरंभ कथा व्यास पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पीठाधीश्वर श्री बागेश्वर धाम सरकार के मुखारविंद से शुरू होगा। इसके बाद मंगलवार को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम का आरंभ दिव्य दरबार के साथ होगा। दोपहर 2 बजे से भव्य हनुमंत कथा का आयोजन होगा। इस अवसर पर अंकुर अग्रवाल, अजय गुप्ता, राजीव अग्रवाल, करन सिंह, राजेश रस्तोगी, शुभम भारद्वाज, सचिन अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, विनोद राय, नवनीत शर्मा, दिनेश सिसोदिया, शैलेंद्र प्रकाश गुप्ता, विनोद राय, देवेंद्र, ज्ञानेंद्र, देव शर्मा, हरि गोपाल शर्मा, पंकज सक्सेना, विपिन कुमार, गौरव अग्रवाल, विनीत गुप्ता आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : CM Yogi Moradabad Visit : यूपी पुलिस को मिले 2764 नए सब इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी
