लोकसभा चुनाव: पहली बार मतदान करने वाले मेडिकोज बोले - सुरक्षा और रोजगार की गारंटी पर करेंगे वोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तारीख तय हो गई है। चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले मेडिकल छात्रों ने भी अपनी राय रखी है। छात्रों ने रोजगार, सुरक्षा समेत तमाम मुद्दों पर बात की। केजीएमयू में एमबीबीएस- 2022 के छात्र अनिमेष श्रीवास्तव ने भविष्य में रोजगार और सुरक्षा मुहैया करने वाली पार्टी को वोट देने की बात कही है।

अनिमेष पहली बार मतदान करेंगे और उनका मत डेवलपमेंट की राह पर चलने वाली पार्टी के लिए होगा। उन्होंने बताया है कि यह पहला मौका है जब मैं मतदान करूंगा, मतदान करते समय मैं यह देखूंगा की मेरे लिए अथवा समाज के लिए बेहतर भविष्य कौन दे सकता है। ऐसी पार्टी को चुनना चाहूंगा।

एमबीबीएस 2022 के छात्र विनीत मौर्य बताते हैं कि मेडिकल सेक्टर को सुरक्षा प्रदान करने वाली पार्टी को मेरा वोट जाएगा। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में मेडिकल सेक्टर में सुरक्षा को लेकर लोग काफी भयभीत रहते हैं, आए दिन डॉक्टर व चिकित्सा स्टाफ पर हमले होते हैं ऐसे में जो नेता अथवा पार्टी मेडिकल सेक्टर को सुरक्षा प्रदान करने की बात करेगी वोट उसको जाएगा।

निशांत गोस्वामी बताते हैं कि सबसे पहला मुद्दा देश का है। हमारा देश दुनिया का प्रतिनिधित्व कर रहा है, यह विश्व गुरु बनने की तरफ अग्रसर है। जिस तरह से बीते 10- 12 सालों में देश के अंदर डेवलपमेंट हुआ है ऐसे में आगे भी इस तरह का डेवलपमेंट होता रहे, इसको लेकर जो भी पार्टी बात करेगी उसको मतदान करेंगे। अच्छा काम करने वाले नेता को वोट देंगे।

एमबीबीएस छात्र तरुण कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि जो मेडिकल क्षेत्र में डेवलपमेंट करेगा और साथ ही रोजगार और सुरक्षा के लिए काम करेगा, हमारा मत उसी को जाएगा।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: पिकअप में लाद ले गए बकरे और बकरियां, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर

संबंधित समाचार