मुरादाबाद : पार्श्वनाथ सोसाइटी में फिर गोलियों की तड़तड़ाहट, अनुज चौधरी के माता-पिता पर किया जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। 10 अगस्त 2023 में बेटे अनुज चौधरी की हत्या अब उनके माता-पिता पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। एक बार फिर पार्श्वनाथ सोसाइटी में गोलियों की तड़तड़ाहट से वाशिंदे खौफजदा हैं। इस मामले में अनुज चौधरी के बहनोई ने रविवार रात में नौ आरोपियों के विरुद्ध मझोला थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ है। वैसे ये घटना 28 फरवरी की बताई जा रही है। लेकिन, पुलिस ने घटना के 17 दिन बाद एफआईआर दर्ज की है।

नीरज खत्री ने पुलिस को बताया है कि वह 803 पार्श्वनाथ सोसाइटी में रहते हैं। भाजपा नेता अनुज चौधरी उनके साले थे। घटना के दिन इनके पिता प्रीतम सिंह और मां रजनी देवी पार्श्वनाथ सोसाइटी से हर्बल पार्क तक गए थे। वापस आते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनके (नीरज) सास-ससुर से गाली-गलौज करने लगे थे। बाइक की सीट पर पीछे बैठे युवक के हाथ में तमंचा था। नीरज का आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने उनके सास-ससुर को ये कहकर गाली-गलौज की कि तुम और तुम्हारे दामाद मुकदमे की बहुत पैरवी कर रहे हो...। तुम्हारे दामाद का हश्र भी अनुज चौधरी जैसे ही करेंगे। दरअसल, भाजपा नेता अनुज चौधरी की 10 अगस्त 2023 को इसी पार्श्वनाथ सोसाइटी में अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि बुजुर्ग दंपती के विरोध करने पर बाइक सवार दोनों युवकों ने नीरज के ससुर की हत्या करने की नियत से उन पर सीधे फायरिंग भी की थी लेकिन, वह फायर मिस होने से उनकी जान बच गई। इसमें नीरज की तहरीर पर पुलिस ने प्रभाकर, अमित, पुष्पेंद्र, कमलवीर, अनिकेत, नीरज पाल, मोहित के विरुद्ध नामजद और कई अन्य के विरुद्ध अज्ञात में जानलेवा हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।

नीरज ने पुलिस को यह भी बताया है कि उनके साले अनुज चौधरी हत्याकांड में वह और उनकी सास रजनी देवी गवाह हैं। जेल में बंद आरोपी उन्हें पैरवी और गवाही से रोकने के लिए तरह-तरह से डरा धमका रहे हैं। नीरज ने बताया कि उनके पास आरोपी तीन-चार बार व्हाट्सएप कॉल कर धमका चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को बता भी रखा है।

बताया कि एक महीने पहले अनुज के गांव वाले (गांव अलिया नेकपुर, थाना-एचोड़ा कम्बोह, जिला-संभल) घर में धमकी भरा पत्र फेंका गया था, उसके बारे में भी उन्होंने पुलिस को बताया था। वह पत्र उनके पास आज भी मौजूद है। धमकियों से भयभीत नीरज खत्री ने मझोला थाना पुलिस को बताया है कि जेल में निरुद्ध प्रभाकर चौधरी, अमित, पुष्पेंद्र उर्फ भूरा, कमलवीर सिंह, अनिकेत चौधरी, नीरज पाल, मोहित चौधरी आदि अनुज हत्याकांड में मुकदमे की पैरवी और गवाही रोकने के लिए उन्हें और उनके सास-ससुर को मार देना चाहते हैं। विभिन्न तरीके से आए दिन मिलने वाली धमकी से उनका परिवार बहुत ही डरा है।

क्या बोले थानाध्यक्ष
मझोला थानाध्यक्ष कमलेश कांत वर्मा ने बताया कि नीरज ने घटना के दिन 28 फरवरी को ही तहरीर दी थी लेकिन, घटना की सत्यता जांचने में समय लग गया। इसीलिए एफआईआर दर्ज करने में 17 दिन बीत गए हैं। बाइक सवार हमलावर दोनों युवकों के बारे में कोई पहचान नहीं हो सकी है। जिन लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, वह सभी जेल में हैं। लेकिन, नीरज खत्री के सास-ससुर पर हमला कराने की साजिश में जेल में निरुद्ध आरोपियों को एफआईआर में नामजद किया गया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बज गई डुगडुगी, चुनावी दंगल में प्रत्याशियों का इंतजार

संबंधित समाचार