मुरादाबाद : बज गई डुगडुगी, चुनावी दंगल में प्रत्याशियों का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मुरादाबाद सीट पर 19 अप्रैल को होगा मतदान, 20 मार्च से नामांकन, भाजपा, सपा ने अभी तक घोषित नहीं किया प्रत्याशी, बसपा ने इरफान सैफी को बनाया उम्मीदवार

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की डुगडुगी बज गई है। देर है तो बसपा को छोड़कर भाजपा, सपा सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों के चुनावी दंगल में उतरने की। जिले में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 20 से 27 मार्च तक नामांकन कार्य चलेगा। लेकिन भाजपा, सपा, आम आदमी पार्टी आदि दलों ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

नये साल की शुरुआत से ही लोकसभा चुनाव लड़ने के दावेदारों की ओर से शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया था। इसके बहाने उन्होंने जनता के बीच अपने चेहरे दिखाकर शुभकामनाएं दीं। मार्च में चुनाव की तारीखों की घोषणा का इंतजार कर रहे दावेदारों का यह इंतजार तो खत्म हो गया लेकिन, अभी भाजपा, सपा, आम आदमी पार्टी आदि की ओर से प्रत्याशियों के नाम का ऐलान न होने से सस्पेंस बरकरार है।

भाजपा के प्रत्याशी को लेकर शनिवार को बुद्धि विहार स्थित मैदान में हुई जनसभा में भी कौतूहल रहा। मंच से पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह को बाघ कहकर मुख्यमंत्री के द्वारा संबोधन से लोगों को कुछ इशारा तो मिला लेकिन, मंच पर मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने टिकट वितरण पर एक शब्द भी न बोलकर सस्पेंस बनाए रखा। हालांकि पार्टी के गलियारे में दो पूर्व सांसद के अलावा दो सिने अभिनेत्रियों के नाम भी चर्चा में है।

यही हाल समाजवादी पार्टी का है। वर्तमान सांसद डॉ. एसटी हसन हैं जो लोकसभा में पार्टी की नुमाइंदगी कर रहे हैं लेकिन, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने अभी किसी को प्रत्याशी बनाने की घोषणा न कर उनको भी संशय में डाल रखा है। वहीं दूसरे दावेदार इससे खुश हैं कि उनका दावा बरकरार है। टिकट देने में सबसे आगे बहुजन समाज पार्टी है। उसने इरफान सैफी को प्रत्याशी बनाने की घोषणा कर लीड ली है। अब जबकि 20 मार्च से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में दावेदारों के दिलों की धड़कनें तेज होने लगी हैं। वहीं मतदाता भी चुनावी दंगल के पहलवानों के चेहरे स्पष्ट होने की राह देख रहे हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : होली पर महंगाई की मार, 15 प्रतिशत बढ़ गए पिचकारी और अबीर-गुलाल के दाम

संबंधित समाचार