Unnao: सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आये तीन सफाई कर्मी...बेहोश, कानपुर के हैलट अस्पताल में किया गया रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सीवर सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आये तीन सफाई कर्मी

उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवनगर में सीवर लाइन की सफाई के दौरान तीन कर्मचारी जहरीली गैस की चपेट में आ गये। जहरीली गैस के चपेट में आने से तीनों की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गये। मौजूद कर्मियों ने आनन फानन उन्हें निकाल कर इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटा चौराहा निवासी जितेंद्र पुत्र साहब लाल, पक्का तालाब निवासी राम आसरे पुत्र मोहन व पप्पू पुत्र नन्हके शहर के शिवनगर मोहल्ले में सीवर लाइन की सफाई करने गये थे। सफाई के लिये तीनों नीचे उतरे ही थे कि अचानक जहरीली गैस की चपेट में आ गये। 

जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की हालत बिगड़ गयी। चीख सुन बाहर मौजूद अन्य साथी कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुयी। साथी कर्मचारी ने किसी तरह तीनों को सीवर लाइन से बाहर निकाला और इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों तीनों की हालत गंभीर देखते हुये उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। 

इस दौरान कानपुर ले जाने वाली एंबुलेंस में ऑक्सीजन न होने के कारण परिजनों में हंगामा करना शुरू कर दिया। जिसके बाद तीनों को फिर से वार्ड में शिफ्ट किया गया और दूसरी एम्बुलेंस बुलाकर तीनों को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया। 

घटना की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से बातचीत की और तीनों मरीजों के लिये कानपुर में बेहतर उपचार का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें- कानपुर में अजब-गजब का मामला आया सामने...नया जूता चिटकने पर दुकान मालिक नाराज, कर दिया ये काम

संबंधित समाचार