पीलीभीत: वेतन नहीं मिला तो पीटीआर मुख्यालय पर ही होली मनाएंगें दैनिक कर्मी, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार: पीलीभीत टाइगर रिजर्व के दैनिक कर्मचारियों को 15 माह का मानदेय नहीं मिल सका है। मानदेय की समस्या से जूझ रहे कर्मचारियों ने पीटीआर मुख्यालय पर धरना देकर डीडी को ज्ञापन सौंपा। दो दिन के भीतर मानदेय का भुगतान न होने पर कार्य बहिष्कार और मुख्यालय पर होली मनाने की चेतावनी दी है।
पीटीआर में करीब 240 दैनिक कर्मचारी तैनात है। इसमें 200 से अधिक वॉचर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर, गेटमैन, चारा कटर, महावत आदि शामिल हैं। बताते हैं कि इन दैनिक कर्मचारियों को 12 से 15 माह का मानदेय भुगतान अभी तक नहीं हो सका है।
वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और होली का त्योहार भी नजदीक आ चुका है। ऐसे में कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। इधर मानदेय की समस्या से जूझ रहे तमाम दैनिक कर्मचारियों ने सोमवार को पीटीआर मुख्यालय पर पहुंचकर नारेबाजी कर धरना दिया।
धरना स्थल पर कहा गया कि दैनिक कर्मचारी मानदेय भुगतान न होने से तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो सभी दैनिक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।
इस दौरान दैनिक वेतन वन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में कर्मचारियों ने डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मानदेय न मिलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कहते हुए बकाया मानदेय दिलाने की मांग की गई।
कर्मचारी संघ के महामंत्री रफीउल्ला खान ने बताया कि अधिकारियों ने दो दिन का समय मांगा है। यदि दो दिन में मानदेय भुगतान नही होगा तो सभी कर्मचारी कार्यबहिष्कार करेंगे और होली तक मानदेय का भुगतान न होने पर मुख्यालय पर ही होली मनाएंगे। धरने में सौ से अधिक कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
दैनिक कर्मचारियों को प्रोजेक्ट टाइगर से मिलने वाले बजट से मानदेय का भुगतान किया जाता है। दूसरी किश्त अभी रिलीज नहीं हुई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की गई है। कर्मचारियों को शीघ्र मानदेय दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं---मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीटीआर।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सुलह को बुलाई पंचायत तो गुस्साए पति ने दिया तीन तलाक, 7 लोगों पर FIR
