होली: खाद्य पदार्थों की मिलावट रोकने के लिए डीएम ने जारी किया टोलफ्री नंबर, दर्ज होगी एफआईआर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आगामी होली त्योहार की तैयारी व व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने होली त्योहार पर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश सभी सम्बन्धित अधिकारियों को दिये है। डीएम ने कहा है कि रंगो का त्योहार होली के अवसर पर शान्ति व्यवस्था से जुडे सभी अधिकारी विशेष सर्तकता बरतें।
मिलावट रोकने के लिए जारी किए निर्देश 
जिलाधिकारी ने कहा है कि होली के त्योहार को  देखते हुए खाने वाली चीजो जैसे खोया, मिठाई सहित अन्य की जांच अभियान चलाकर किया जाये, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नही की जाये। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालो के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए कार्यवाही की जाए। डीएम ने निर्देश दिया की त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाए जिस पर आमजनमनस कॉल करके मिलावटी व नकली खाद्य पदार्थों के संबंध में शिकायत दर्ज करा सके। जिसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 0522-3514492 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। उक्त के साथ ही जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया की खाद्य तेल, खोया और घी पर विशेष फोकस करते हुए सैंपलिंग कराई जाए। 
जमीन पर उतर के जायजा लें अधिकारी 
बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, अपर नगर मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र का संयुक्त रूप से भ्रमण करे। विशेष रूप से होलिका दहन के स्थलों को अवश्य देख लें, यदि होलिका दहन के सम्बन्ध में कहीं पर कोई विवाद है तो उसे समय रहते समाप्त किया जाए। डीएम ने नगर निगम को निर्देशित किया कि वह होलिका दहन स्थलों पर सफाई, चूने का छिडकाव व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराए। साथ ही निर्वाध जलापूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। जल संस्थान के अधिकारी पानी के टैंकर निर्धारित स्थलों पर लगाये जानें की पूरी व्यवस्था करें और रिजर्व में भी रखे, ताकि जरूरत पडने पर उनका उपयोग किया जा सके।
बिजली को लेकर दिए निर्देश 
विद्युत विभाग के अभियन्ता को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि होली के अवसर पर निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए होलिका दहन स्थलों पर यह देख लिया जाए कि विद्युत तार पर्याप्त ऊचाई पर हो ताकि होलिका दहन से तार प्रभावित न होने पाए तथा आवश्यकतानुसार मोबाइल ट्रान्सफार्मर की भी व्यवस्था रखी जाये जिससे आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके। डीएम ने कहा कि शान्ति व्यवस्था कमेटी की बैठकें थाना स्तर पर अवश्य करा ली जाये। होली पर निकलने वाले प्रमुख जुलूसों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्तक रहे और सभी आवश्यक तैयारी समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करे।
 
 
 

संबंधित समाचार