महाराजगंज: सामूहिक विवाह योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, भाई-बहन ने लिए सात फेरे, सचिव सस्पेंड
महाराजगंज। यूपी के महाराजगंज में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भाई और बहन की ही शादी करा दी गई गई है। आरोप है कि शादी के बाद मिलने वाले पैसों और गृहस्थी के सामान के लालच में बिचौलियों ने भाई और बहन के बीच फेरे लगवा दिए।
जिले के लक्ष्मीपुर ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूल्हे की जगह भाई को मंडप में बैठा कर शादी कराने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उच्चाधिकारियों ने संबंधित सचिव को दोषी करार देते हुए निलंबित कर दिया है।
सामूहिक विवाह योजना में लाभान्वित होने वालों का रजिस्ट्रेशन करने वाले टीए इंद्रेश भारती पर भी कार्रवाई की गई। दूसरी तरफ ब्लॉक कर्मचारियों को बचाने के लिए एडीओ समाज कल्याण चंदन पांडेय ने वर-बधू व पक्ष के खिलाफ पुरंदरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मंडप पर आपस में शादी भाई-बहन पर केस भी दर्ज हो गया है।
