Kanpur Dehat: रूरा सीएचसी में खांसी की दवा खत्म, प्रसूताओं को नहीं मिल रहे चादर और कंबल, बदइंतजामी से मरीज परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात, अमृत विचार। स्वास्थ्य महकमे के जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण रूरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों बदइंतजामी व्याप्त है। हालत यह है कि मरीजों को बदलते मौसम में खांसी की दवा तक अस्पताल से नहीं मिल पा रही है और एक सप्ताह से स्टॉक खत्म है। साथ ही प्रसूताओं को बेड पर चादर व कंबल भी नहीं दिया जाता। 

मरीजों की बढ़ती भीड़ के चलते पिछले दिनों रूरा प्राथमिक स्वास्थ्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किया गया है। जिससे लोगों को सीएचसी में समुचित इलाज व पर्याप्त सुविधाओं की आस जगी थी, लेकिन अफसरों की अनदेखी के चलते मरीजों को यहां स्वास्थ्य सेवाओं का पूरी तरह से लाभ नहीं मिल पा रही है। 

मरीज

अस्पताल की फार्मेसी में पिछले एक सप्ताह से खांसी की दवा तक नहीं है। वहीं डाक्टर जो दवा मरीजों को लिख कर दे रहे हैं। उनमें से आधी दवा ही अस्पताल से मिलती है। बाकी दवा के लिए मरीजों को बाहर के चिन्हित मेडिकल स्टोरों पर टरका दिया जाता है। ऐसे में मरीज व तीमारदार जेब ढीली करने को मजबूर होते हैं। 

जबकि इस समय अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब सौ मरीज पहुंच रहे हैं। सुबह सात बजे अस्पताल आने के बाद मरीज डाक्टर कक्ष में लंबी कतार लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। इसके बाद उन्हें दोबारा दवा काउंटर पर लंबी लाइन लगानी होती है। घंटों नंबर के बाद उन्हें केवल आधी दवा ही मिलती है। मौजूदा समय में सीएचसी में कफ सीरप, चोट व हाथ पैर में सूजन की दवा नहीं है। 

वहीं शासन की ओर से प्रसूताओं को बेड में साफ व धुली हुई चादर और कंबल दिए जाने के निर्देश हैं। लेकिन रूरा के नए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूताओं व नवजातों को ओढऩे के लिए न तो कंबल दिए जाते हैं और न ही पलंग पर बिछाने के लिए चादर दी जाती है। ऐसे में प्रसूताएं पुराने फटे हुए गद्दों पर ही उपचार कराने को मजबूर होती हैं। वहीं नवजातों के लिए लोग घर से कंबल लाकर बिछाते हैं।

अस्पताल में कुछ दवाओं का स्टॉक खत्म हो गया है। फार्मासिस्ट से इस बारे में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने को बोला गया है। ऊपर से ही दवा नहीं रही है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। -डॉ. प्रतीक पांडेय (चिकित्सक रूरा सीएचसी)

यह भी पढ़ें- Kanpur: डाक पार्सल के कंटेनर में ठूस-ठूसकर भरे थे 54 मवेशी; पुलिस ने किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार