Lok Sabha Chunav 2024: एक क्लिक में लीजिए पूरी जानकारी...लोकसभा चुनाव में वोटर, प्रत्याशी और अधिकारियों के लिए 10 एप होंगे कारगर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोकसभा चुनाव में वोटर, प्रत्याशी और अधिकारियों के लिए 10 एप होंगे कारगर

कानपुर, अमृत विचार। इस बार चुनाव में मतदाता, प्रत्याशी और निर्वाचन अधिकारी करीब दस एप की मदद लेंगे। एप की मदद से घर बैठे मतदाता सूची देख सकते हैं। आचार संहिता या फिर फंड का उल्लंघन होता है तो एप से इसकी शिकायत की जा सकेगी। शिकायत के बाद 100 मिनट के अंदर रिस्पॉन्स मिलेगा। इसके साथ ही कई ऐसे एप भी हैं जिनमें ऑल इन वन सुविधाएं एक क्लिक पर मिल सकती हैं। 

डिजिटल तकनीक के सहयोग से इस बार चुनाव हाईटेक होगा। देखा जाए तो चुनाव से संबंधित करीब दो दर्जन से अधिक एप हैं। मगर बेहद उपयोगी एप 10 हैं। जिसमें छह एप विशेषकर मतदाताओं के लिए बने हैं। इनमें सबसे उपयोगी एप वोटर हेल्पलाइन है। इस एप के माध्यम से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग घर बैठे मतदाता सूची में नाम अपना शामिल कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस एप से ई-मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। समस्या होने पर एप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। चुनाव की ताजी जानकारी एक क्लिक पर मिल सकती है। प्रत्याशियों को भी एप से सहूलियत दी गई है। जैसे चुनावी सभा, रैली इत्यादि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

सबसे ज्यादा कारगर वोटर हेल्पलाइन

वोटर हेल्पलाइन एप मतदाताओं के लिए ऑल-इन-वन एप है। इस एप पर एक क्लिक पर कई सुविधाएं एक साथ मिलती हैं। 2019 में चुनाव आयोग ने इस एप को लॉच किया था। इस एप की मदद से मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। यह भी चेक कर सकते है कि वह वोट डालने के योग्य हैं या नहीं। इस एप की मदद से मतदाता चुनावी सूची में अपना वोट रजिस्टर कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन तथ्यों में सुधार कर सकते हैं। इसी एप से मतदाता स्लिप तैयार कर डाउनलोड किया जा सकता है। प्रिंट निकालकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। मतदान केंद्र की जानकारी भी मिल सकती है। मतदाता चुनाव से जुड़ी जानकारियां, परिणाम अपडेट और उम्मीदारों के बारे में जानकारी ले सकते हैं। 

सक्षम ईसीआई एप 

इस एप का प्रयोग दिव्यांग मतदाता कर सकते हैं। सक्षम एप के माध्यम से दिव्यांग मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके माध्यम से दिव्यांग मतदाता व्हील चेयर के लिए अनुरोध कर सकता है। 

ई-लर्निंग एप की सुविधा 

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए इस एप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस एप का उद्देश्य मतदान का प्रतिशत बढ़ाना रहेगा। इस एप का इस्तेमाल स्कूलों में पीटीएम (पैरेंट्स टीचर मीटिंग) में ज्यादा किया जाता है। अभिभावकों व अन्य लोगों को जागरूक किया जाता है। 

वोटर टर्न आउट

मतदान के बाद यह एप सक्रिय होता है। मतगणना के समय इस एप की भूमिका होती है। इस एप के माध्यम से मतगणना से संबंधित जानकारी घर बैठे ली जा सकती है। कौन पार्टी या कौन प्रत्याशी की स्थिति क्या है। गिनती कितनी हो गई कितनी होनी है। इन सबकी जानकारी मिल सकती है। 

नो योर कैंडिडेट

यह एप विशेष रूप से प्रत्याशियों से संबंधित होता है। इस एप के माध्यम से संसदीय क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम, प्रत्याशी ने कहां तक शिक्षा ग्रहण की है, प्रत्याशी का आपराधिक रिकार्ड क्या है। उसपर कितने मुकदमें दर्ज हैं या एक भी नहीं आदि की जानकारी ली जा सकती है।  

सुविधा कैंडिडेट

चुनावी जनसभा व रैली के लिए यह एप है। जिसका प्रयोग प्रत्याशियों की ओर से किया जाता है। इस एप के माध्यम से प्रत्याशी चुनावी सभा, रैली आदि की स्वीकृति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया में भी यह एप प्रत्याशियों के लिए मददगार साबित होगा। 

केवाईसी पोर्टल 

चुनाव आयोग ने मतदाता सुविधा को ध्यान में रखते हुए केवाईसी पोर्टल भी लांच किया है। इस पोर्टल की मदद से मतदाता अपने क्षेत्र के प्रत्याशी का हलफनामा और उसका आपराधिक रिकार्ड चेक कर सकते हैं। 

सी विजिल एप 

अगर कहीं आचार संहिता या फिर फंड का उल्लंघन होता है तो इस एप की मदद से शिकायत की जा सकती है। शिकायत के 100 मिनट के अंदर रिस्पॉन्स मिलेगा। शिकायत करने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस एप पर उल्लंघन दिखने पर वीडियो या फोटो भी अपलोड की जा सकती है।

अधिकारियों के लिए एप 

चुनाव अधिकारी भी एप की सुविधा से कार्यों को बेहतर निपटा सकते हैं। जैसे इनकोर (ईएनसीओआरई), ईएसएमएस (इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम) व आब्जर्वर एप का इस्तेमाल चुनाव प्रबंधन के लिए अधिकारी कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Kanpur: दो मौसेरे भाइयों की जलकर मौत...फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, मृतक ने रिश्तेदार की बेटी से प्रेम विवाह किया था

 

संबंधित समाचार