बहराइच: प्राइमरी स्कूल में पेड़ से लटकता मिला महिला का शव, मां ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, केस दर्ज
बौंडी, बहराइच, अमृत विचार। जिले के अलीपुर दरौना गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल परिसर में लगे शहतूत के पेड़ के पेड़ में बुधवार सुबह विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। परिवार के लोगों ने महिला की पहचान की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीपुर दरौना में प्राइमरी स्कूल स्थित है। स्कूल परिसर में लगे सहतूत के पेड़ में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने एक महिला का शव लटकता देखा। विवाहिता की पहचान गांव निवासी आसमीन (22) पत्नी फखरुद्दीन के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। मृतका के मामा कलीम ने बताया कि फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव की रहने वाली उसकी बहन नूर बानों ने डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी बेटी आसमीन की शादी बौंडी थाना क्षेत्र के अलीपुर दरौना गांव के रहने वाले फखरुद्दीन के साथ की थी।
आरोप है कि शादी के बाद आसमीन को ससुरालीजन कम दहेज लाने का ताना देकर व अतिरिक्त दहेज की मांग कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार मायके व ससुराली पक्ष के लोगों ने पंचायत भी की लेकिन नतीजा सिफर रहा। बुधवार की भोर विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला तो मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। मृतका की मां नूरबानो ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
क्षेत्राधिकारी महसी अनिल कुमार सिंह व थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ ने बताया कि मृतका के मां की तहरीर पर पति, सास व ससुर के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढे़ं: यूपी के माथे पर 'बीमारू राज्य' के 'कलंक' को योगी सरकार ने धोया!, बना देश का सबसे तेज गति से विकास करने वाला सूबा
