अंबेडकरनगर: कल से प्लेटफॉर्म एक से दौड़ेंगी ट्रेनें, तैयारी पूरी
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। अकबरपुर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को लेकर करीब एक साल से कार्य तेजी से चल रहा है। लंबे इंतजार के बाद 22 मार्च से एक बार फिर प्लेटफॉर्म नंबर एक से ट्रेनें दौडऩे लगेंगी। रेल संरक्षा आयुक्त प्लेटफॉर्म के साथ ही अकबरपुर से जाफरगंज तक दोहरीकरण के तहत बने नए ट्रैक का भी शुभारंभ करेंगे। जिससे जनपद के रेल यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
बता दें कि अकबरपुर स्टेशन के जिस प्लेटफॉर्म एक का अस्तित्व लंबे समय से खत्म था उससे होकर अब फिर से ट्रेन गुजरने लगेगी। करीब एक वर्ष पहले रेलवे ने पुराने प्लेटफॉर्म एक से ट्रेनों का आवागमन रोक दिया था। नई रेल लाइन बिछाने और नए प्लेटफॉर्म के निर्माण को लेकर यह निर्णय रेलवे ने लिया था। जिससे यात्रियों के सामने फुट ओवरब्रिज के जरिए रेल लाइन पार कर प्लेटफॉर्म दो और तीन तक जाने की मजबूरी बनी हुई थी। अब नया प्लेटफॉर्म चनकर तैयार हो गया है। दो नई रेल लाइन भी बन गई है। इस का शुभारंभ करने रेल संरक्षा आयुक्त दिनेश जायसवाल 22 मार्च की सुबह अकबरपुर रेलवे स्टेशन आएंगे। विशेष ट्रेन से उनके साथ डीआरएम लखनऊ के अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वह अकबरपुर में नए प्लेटफॉर्म का भी लोकार्पण करेंगे। इसके बाद अकबरपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का नियमित संचालन प्लेटफॉर्म एक से भी शुरू हो जाएगा। जिसका सबसे ज्यादा लाभ बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार यात्रियों और महिलाओं को मिल सकेगा। जिन्हें टे्रन पकडऩे के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है। नए प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बैठने समेत पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी।
यात्री अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर कोच लगने की सटीक जानकारी डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से कर सकेंगे। इससे ट्रेन आने पर कोच के लिए मचने वाली भगदड़ और इससे ट्रेन छूट जाने की स्थिति से भी बचा जा सकेगा। पहले से काफी बड़ी और सुरक्षित पार्किंग मिलना भी यात्रियों के लिए अब बड़ी राहत साबित होगी। क्योंकि पहले यहां पर्याप्त जगह ही नहीं थी। ट्रेन आने के बाद निजी वाहन निकालने में ही कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी।
ट्रॉली से ट्रैक का करेंगे निरीक्षण
रेल संरक्षा आयुक्त 22 मार्च को अकबरपुर से जाफरगंज तक नई रेल लाइन का भी शुभारंभ करेंगे। अकबरपुर में विशेष ट्रेन से आने और प्लेटफॉर्म लोकार्पण के बाद वह ट्रॉली से ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद अपनी विशेष ट्रेन से वह नए ट्रैक का स्पीड ट्रायल भी करेंगे। इस बीच पूरे कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
ये भी पढ़ें -ISIS इंडिया हेड को रिमांड पर लेगी ATS!, सामने आया अलीगढ़ मॉड्यूल से connection
